अंकुर विहार पुलिस ने की कार्रवाई, पति ने मई में की थी आत्महत्या
गाजियाबाद। अंकुर विहार थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में वांछित महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर अपने पति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है, जिससे परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली थी।पुलिस के अनुसार, बीते 14 जून को मृतक राजकुमार के पिता ने थाना अंकुर विहार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र की पत्नी रजनी द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने से तंग आकर राजकुमार ने 21 मई को आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर शनिवार को पुलिस ने आरोपी रजनी (38 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय राजकुमार, निवासी रेल विहार कॉलोनी, थाना अंकुर विहार, गाजियाबाद (मूल निवासी जसरूप नगर कॉलोनी, दस्तौई रोड, कोतवाली हापुड़) को अंकुर विहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पूछताछ में रजनी ने बताया कि उसकी शादी करीब 18 वर्ष पहले राजकुमार से हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। विवाह के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद शुरू हो गए थे। लगभग छह माह बाद वह पति से अलग रहने लगी थी, लेकिन करीब एक वर्ष पहले दोनों फिर साथ रहने लगे। इसके बावजूद छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी के अनुसार, इसी पारिवारिक कलह से परेशान होकर उसके पति ने 21 मई को आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फिलहाल इसी मामले में एक मुकदमा दर्ज है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
