ट्रॉनिका सिटी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 19 वर्षीय युवक को दबोचा, पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई
गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र में नौ वर्षीय बालक के साथ दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को पीड़ित बालक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी जावेद के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी तथा बालक के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5एम/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। शनिवार, 1 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित आरोपी जावेद (19 वर्ष) पुत्र साजिद, निवासी मनीष पार्क, पावी सादकपुर, थाना ट्रॉनिका सिटी, को पुस्ता क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में काम करता है और उसे नशा करने की आदत है। घटना वाले दिन पीड़ित बालक अपने दोस्तों के साथ कार्यालय के बाहर खेल रहा था। आरोपी ने उसे बहाने से कार्यालय के अंदर बुलाया और उसके साथ गलत कृत्य किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध इसी मामले में एक मुकदमा दर्ज पाया गया है, जबकि उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
