कविनगर पुलिस ने आरोपी को सात महीने बाद दिल्ली से दबोचा
गाजियाबाद। कविनगर थाना पुलिस ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचकर फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे दिल्ली के लक्ष्मी नगर क्षेत्र से दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, गोविंदपुरम निवासी पीड़िता ने 1 मई 2026 को कविनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर कविनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 31 जुलाई 2026 को 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित पाल (30) पुत्र सुरेश पाल, निवासी ग्राम खगुआवास, पोस्ट सिकंद्राबाद, थाना सिकंद्राबाद, जनपद बुलंदशहर को दिल्ली के लक्ष्मी नगर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय उसने अपने एक साथी के साथ शराब पी थी। इसके बाद दोनों ने पीड़िता की कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि घटना के बाद पीड़िता को किसी से कुछ न बताने के लिए धमकाया गया और दोनों पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
