नोएडा में नाला और एफओबी निर्माण में गड़बड़झालाः जांच को भेजे गए स्टील सैम्पल

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक को निरीक्षण में मिली कमियां, रोका गया ठेकेदारों का भुगतान 

नोएडा। 
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाया है। नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह ने गुरुवार को वर्क सर्किल-3 क्षेत्र का निरीक्षण कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ कार्यों में इस्तेमाल की जा रही स्टील की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। महाप्रबंधक (सिविल) एसपी सिंह ने वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक आरके शर्मा, टेक्निकल ऑडिट सेल के वरिष्ठ प्रबंधक राजकमल सिंह और टीएसी टीम के साथ क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान सेक्टर-51 मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन के बीच निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज (स्काईवॉक) तथा सेक्टर-50-51 के बीच बन रहे आरसीसी नाले के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आरसीसी नाले के निर्माण कार्य में Eurotherm (राठी स्टील) और SAIL स्टील तथा स्काईवॉक निर्माण कार्य में SAIL स्टील का उपयोग होता पाया गया। प्राधिकरण ने इस्तेमाल की जा रही स्टील की गुणवत्ता की विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया है। टेक्निकल ऑडिट सेल को निर्देश दिए गए हैं कि दोनों निर्माण स्थलों से लिए गए स्टील के नमूनों की जांच किसी प्रतिष्ठित तकनीकी संस्था जैसे आईआईटी दिल्ली, आईआईटी रुड़की या श्रीराम इंस्टीट्यूट से कराई जाए और रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। प्राधिकरण ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक स्टील की गुणवत्ता रिपोर्ट प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्यों के लिए कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। यदि जांच में स्टील की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 
लापरवाही पर अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण: प्राधिकरण ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रबंधक से तीन कार्यदिवसों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।इसके अलावा वर्क सर्किल-1 से 5 तक के सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि उनके क्षेत्रों में चल रहे और प्रस्तावित सभी निर्माण कार्यों में सीमेंट, स्टील, बिटुमिन सहित अन्य निर्माण सामग्री का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुसार ही कराया जाए। प्राधिकरण ने कहा है कि भविष्य में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक और सहायक प्रबंधक की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने