गृह प्रवेश से एक दिन पहले ही शालीमार गार्डन के फ्लैट को चोरों ने बनाया निशाना

ताला तोड़कर लाखों की चोरी, मौके से मिला की-पैड मोबाइल फोन पुलिस के हवाले

साहिबाबाद।
थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र स्थित राधा कृष्ण वेलफेयर एसोसिएशन पार्क परिसर सोसाइटी (शालीमार गार्डन प्रथम) में चोरों ने एक फ्लैट को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना उस समय हुई जब फ्लैट में गृह प्रवेश की तैयारियां चल रही थीं। जानकारी के अनुसार, मकान संख्या-91 स्थित सत्यम विंग के फ्लैट संख्या जी-2 के स्वामी ने हाल ही में नया मकान लिया था। फ्लैट में नया घरेलू सामान रखा गया था तथा शनिवार, 8 अगस्त को गृह प्रवेश और पूजा का कार्यक्रम निर्धारित था।
बताया गया है कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जब गृह प्रवेश की तैयारियों के लिए फ्लैट की साफ-सफाई करने रूबी देवी पहुंचीं तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। पीछे का सर्विस गेट भी खुला हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के ताले टूटे हुए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर घर से चांदी के दो गिलास, दो कटोरी, दो चम्मच सहित अन्य चांदी के बर्तन, सोने की एक चेन, मंदिर में रखे 11 हजार रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना तत्काल थाना शालीमार गार्डन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मौके से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे परिजनों ने चोरों का होने की आशंका जताते हुए पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने