गाजियाबाद स्टेशन पर 50% से अधिक बढ़ी राइडरशिप, हर 8 मिनट में मिल रही ट्रेन
नई दिल्ली/गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के चलते शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और रूट डायवर्जन के बीच दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर यात्रियों के लिए सुविधाजनक और भरोसेमंद परिवहन विकल्प बनकर उभरा है। सड़क मार्गों पर बढ़ती भीड़ और आवागमन में हो रही परेशानी के बीच नमो भारत ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर यात्रियों की संख्या में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। वर्तमान में यहां से प्रतिदिन औसतन 15 से 20 हजार यात्री यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा कॉरिडोर के अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी जा रही है। मुरादनगर और गुलधर स्टेशन पर भी यात्रियों की संख्या बढ़ी है, जबकि मोदीनगर क्षेत्र के नमो भारत स्टेशनों पर करीब 40 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है। मेरठ के ब्रह्मपुरी, मेरठ सेंट्रल और मेरठ नॉर्थ जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान गाजियाबाद, आनंद विहार और बेगमपुल नमो भारत स्टेशन कॉरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल रहे।
डेढ़ लाख यात्रियों ने किया एक दिन में सफर: श्रावण मास के पहले सोमवार यानी 3 अगस्त 2026 को दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अब तक की सबसे अधिक औसत दैनिक यात्री संख्या दर्ज की गई। इस दिन करीब 1.5 लाख यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन से सफर किया। इससे पहले सबसे अधिक राइडरशिप का रिकॉर्ड 8 जून 2026 को दर्ज किया गया था, जब लगभग 1,25,500 यात्रियों ने यात्रा की थी।
52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स का संचालन: कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी ने पहले से तैयारी करते हुए 30 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन 52 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स संचालित करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त ट्रिप्स के कारण यात्रियों को पूरे कॉरिडोर पर लगभग हर 8 मिनट में ट्रेन सेवा उपलब्ध हो रही है। यह सेवा सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर संचालित की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन सेवाओं की फ्रीक्वेंसी और बढ़ाई जा सकती है।
यात्रियों ने बताया सुविधाजनक विकल्प: कई यात्रियों ने बताया कि पहले वे बसों और सड़क परिवहन पर निर्भर थे, लेकिन अब नमो भारत से सफर करना अधिक आरामदायक, सुरक्षित और समयबद्ध साबित हो रहा है। प्रशासनिक निर्देशों के अनुसार कुछ स्टेशनों के चुनिंदा प्रवेश और निकास द्वारों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है, लेकिन यात्रियों के लिए अन्य द्वारों से सेवा जारी है। एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ी हुई ट्रेन फ्रीक्वेंसी से दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को भी बड़ी राहत मिल रही है।
Tags
गाजियाबाद