गाजियाबाद में भाकपा के दो मण्डलों का संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, 1 सितंबर की बदलाव रैली को सफल बनाने का आह्वान
गाजियाबाद। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की ओर से रविवार को साहिबाबाद स्थित एम. फारूकी भवन, शहीद नगर में सहारनपुर और मेरठ मंडल के कार्यकर्ताओं का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कॉमरेड शरीफ अहमद (मेरठ) ने की। कार्यक्रम में भाकपा के राज्य सचिव कॉमरेड अरविंद राज स्वरूप मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड डॉ. गिरीशचंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सम्मेलन का संचालन कॉमरेड अब्दुल रशीद ने किया। उन्होंने राज्य सचिव अरविंद राज स्वरूप से पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति से कार्यकर्ताओं को अवगत कराने का आग्रह किया।अपने संबोधन में कॉमरेड अरविंद राज स्वरूप ने कहा कि पार्टी देश के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, शोषितों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त से 15 अगस्त के बीच प्रदेशभर में गांव-गांव और मोहल्ला-मोहल्ला पदयात्राएं निकाली जाएंगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचकर पर्चे वितरित करेंगे तथा 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित 'बदलाव जरूरी है' रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे।
सम्मेलन में मुजफ्फरनगर से कॉमरेड शाहनवाज आलम, सहारनपुर से कॉमरेड चंद्रपाल सिंह, बुलंदशहर से कॉमरेड अजय सिंह, बागपत से कॉमरेड राजेंद्र जैन, गौतमबुद्धनगर से कॉमरेड बिजेंद्र शर्मा और कॉमरेड मुंसफ अली, गाजियाबाद से कॉमरेड पुरणेंदु शर्मा, कॉमरेड सईद अनवर और कॉमरेड अजीज अंसारी तथा गाजीपुर से आए कॉमरेड ईश्वरलाल गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से 1 सितंबर की रैली को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि एवं भाकपा के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड डॉ. गिरीशचंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में देश की आर्थिक स्थिति, किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं और अल्पसंख्यकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, कृषि के लिए समय पर बीज और खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं तथा रोजगार और शिक्षा से जुड़े कई गंभीर प्रश्न बने हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का मानना है कि इन मुद्दों पर व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर 'बदलाव जरूरी है' का नारा दिया है और इसी उद्देश्य से 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और गली-मोहल्लों तक पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता के बीच ले जाने तथा रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन के अंत में अध्यक्ष कॉमरेड शरीफ अहमद ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया तथा सम्मेलन की समाप्ति की घोषणा की।
Tags
गाजियाबाद


