गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने ई-रिक्शा वायरिंग की चोरी करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 27 वायरिंग तार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त को ट्रोनिका सिटी स्थित कट्ट इंडस्ट्रीज फैक्ट्री में ई-रिक्शा वायरिंग के तार चोरी करते समय फैक्ट्री कर्मचारियों ने दो युवकों को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान अरबाज (24) और सूरज (21) निवासी बहरामपुर, थाना ट्रोनिका सिटी के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 27 ई-रिक्शा वायरिंग तार बरामद किए गए। इस संबंध में थाना ट्रोनिका सिटी में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फैक्ट्री में ई-रिक्शा वायरिंग के तार चोरी करने आए थे। चोरी के बाद सामान लेकर जाने की तैयारी में थे, तभी फैक्ट्री कर्मचारियों ने उन्हें देख लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अरबाज के खिलाफ पहले से भी मारपीट, एनडीपीएस एक्ट, विस्फोटक पदार्थ तथा हत्या के प्रयास सहित कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद