व्हाट्सएप के जरिए बुलाए जाते थे ग्राहक, मोबाइल और नकदी बरामद
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायखंड-3 स्थित एक फ्लैट में चल रहे देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दंपति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 8,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि सहायक पुलिस आयुक्त (इंदिरापुरम) और थाना इंदिरापुरम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि न्यायखंड-3 स्थित फ्लैट संख्या 648-ए में गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरिफ, सगुन गुप्ता उर्फ राजन, अजय गुप्ता और उसकी पत्नी अमिता को गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो मोबाइल फोन और 8,800 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। महिलाओं की तस्वीरें भेजकर सौदा तय किया जाता था और पैसों के बदले उन्हें उपलब्ध कराया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों द्वारा गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को काम दिलाने तथा अधिक पैसे का लालच देकर इस अवैध धंधे में धकेला जाता था।
पुलिस के अनुसार, ग्राहकों से मोटी रकम वसूलने के बाद महिलाओं को केवल भरण-पोषण के लिए कुछ हिस्सा दिया जाता था, जबकि अधिकांश रकम आरोपी अपने पास रखते थे। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि यह गतिविधि पिछले कुछ समय से लगातार संचालित की जा रही थी। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा कितने समय से यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा महिलाओं को इस धंधे में लाने वाले अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। यदि जांच में किसी बड़े नेटवर्क या अन्य सहयोगियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद