विजयनगर के आंबेडकर पार्क में पंचायत नहीं होने दी, रवि गौतम को पुलिस ने हिरासत में लिया
गाजियाबाद। एसएसपी मेरठ द्वारा पुलिस वैन में थप्पड़ मारे जाने के वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आए दलित नेता रवि गौतम ने रविवार को विजयनगर के आंबेडकर पार्क में पंचायत बुलाने का ऐलान किया था। हालांकि, बिना प्रशासनिक अनुमति पंचायत आयोजित करने की कोशिश पर विजयनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रवि गौतम को हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस और उनके समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। जानकारी के अनुसार, रवि गौतम ने हाल ही में जमानत मिलने के बाद आंबेडकर पार्क में समर्थकों की पंचायत बुलाने की घोषणा की थी। पंचायत में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क थी और मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था।बता दें कि मेरठ में 8 जुलाई को बीए छात्रा ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों की झड़प पुलिस से हुई थी. पुलिस ने इस मामले में बल प्रयोग किया था। उसी दौरान मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने रवि गौतम के साथ पुलिस वैन में घुसकर मारपीट की थी। उसी के बाद रवि गौतम, लवी, शुभम दिग्विजय भाटी, हिमांशु सिद्धार्थ, रितिक, अंकित और नवनीत के साथ अरविंद को गिरफ्तार किया गया था। हाल ही में सभी को जमानत को मिल गई थी। अब उसी मामले में रवि गौतम ने विजयनगर इलाके में पंचायत बुलाने का ऐलान किया था, गाजियाबाद पुलिस ने इस पंचायत को होने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक सभा या पंचायत के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति आवश्यक है। बिना अनुमति भीड़ एकत्र करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसी आधार पर पुलिस ने रवि गौतम को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके समर्थकों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस व समर्थकों के बीच बहस भी हुई। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले मेरठ में पुलिस कार्रवाई के दौरान पुलिस वैन के भीतर तत्कालीन घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एसएसपी मेरठ द्वारा रवि गौतम को थप्पड़ मारते हुए देखा गया था। यह वीडियो सामने आने के बाद मामला काफी चर्चा में रहा और विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा राजनीतिक दलों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दी थीं। जमानत मिलने के बाद रवि गौतम ने समर्थकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करने के लिए पंचायत बुलाने की घोषणा की थी। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर बिना अनुमति किसी भी प्रकार के सार्वजनिक जमावड़े की अनुमति नहीं दी।
फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी व्यक्ति को बिना अनुमति सार्वजनिक सभा या भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं, रवि गौतम को हिरासत में लेने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद विजय नगर माता कॉलोनी अम्बेडकर पार्क पर रवि गौत्तम अपने समाज के लोग से मिलने के लिए मीटिंग रखी थी
— ज़नमानस समाचार (@janmanassmachr) August 2, 2026
मगर मेरठ एसएसपी अविनाश पांडेय के इशारे
पर गाजियाबाद पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल बुलाकर रवि गौत्तम को अम्बेडकर पार्क
से उठा कर विजय नगर थाना ले आई@ghaziabadpolice pic.twitter.com/vFwbh02P3e
Tags
गाजियाबाद