दिल्ली पुलिस ने छह बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा

 वीजा नियमों का उल्लंघनकरने पर धरे गए, अब डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले छह बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। अधिकारियों ने उनके निर्वासन (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मध्य दिल्ली में विदेशी नागरिकों के सत्यापन के लिए होटलों और गेस्ट हाउसों में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान के दौरान नबी करीम स्थित होटल सार्थक प्लेस में ठहरे छह बांग्लादेशी नागरिकों की जांच की गई। पुलिस ने उनके पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड का गहन सत्यापन किया। जांच में पता चला कि सभी के पास डबल एंट्री वीजा था, लेकिन उन्होंने प्रत्येक यात्रा के लिए निर्धारित 15 दिनों की अधिकतम अवधि से अधिक समय तक भारत में रहकर वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया। इसके बाद पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर एफआरआरओ के समक्ष पेश किया।
एफआरआरओ ने मामले की समीक्षा के बाद सभी विदेशी नागरिकों के खिलाफ रिस्ट्रिक्शन ऑर्डर जारी किया और उन्हें सेवा धाम डिटेंशन सेंटर भेजने के निर्देश दिए। साथ ही उनके भारत से निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जाएगा।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में विदेशी नागरिकों के सत्यापन का अभियान लगातार जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं ऐसे अन्य विदेशी नागरिक तो नहीं रह रहे हैं, जिनका वीजा समाप्त हो चुका है या जिन्होंने वीजा की शर्तों का उल्लंघन किया है।
प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार किए गए छह बांग्लादेशी नागरिकों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उनका भारत में रहने का वास्तविक उद्देश्य क्या था और क्या उन्होंने किसी अन्य कानूनी प्रावधान का भी उल्लंघन किया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने