दिल्ली क्राइम ब्रांच की बड़ी कामयाबी, शास्त्री पार्क से किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2011 में लक्ष्मी नगर में कारोबारी अतुल जैन की हत्या और 8.50 लाख रुपये की लूट के बहुचर्चित मामले में 15 वर्षों से फरार चल रहे आखिरी आरोपी नौशाद उर्फ लड्डू उर्फ मोहम्मद कमर आलम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह लगातार ठिकाने बदलकर तथा पहचान छिपाकर पुलिस से बचता फिर रहा था।क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि यह सनसनीखेज वारदात 6 मार्च 2011 को शकरपुर थाना क्षेत्र के मंगल बाजार रोड पर हुई थी। गांधी नगर मार्केट के कमीशन एजेंट अतुल जैन रोजाना की तरह कारोबार की नकदी लेकर अपने घर लौट रहे थे। उनके बैग में करीब 8.50 लाख रुपये मौजूद थे। पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी भूरा उर्फ मुस्तकीन और नौशाद ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल अतुल जैन को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में सभी आरोपियों को अदालत ने दोषी करार दिया, लेकिन नौशाद लगातार फरार रहा। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
डीसीपी हर्ष इंदौरा के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली, बिहार और अन्य स्थानों पर लगातार ठिकाने बदलता रहा। अपनी पहचान छिपाने के लिए वह साप्ताहिक बाजारों में पुराने कपड़े बेचने का काम करता था, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो। क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। हाल ही में सूचना मिली कि नौशाद शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया और 1 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी के साथ ही 15 वर्ष पुराने इस चर्चित हत्या एवं लूटकांड के सभी आरोपी अब कानून के शिकंजे में आ चुके हैं। फिलहाल नौशाद से पूछताछ की जा रही है, ताकि वारदात और फरारी के दौरान उसके नेटवर्क तथा अन्य गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।
🚨 15 YEARS ON THE RUN — MURDER ACCUSED FINALLY CAUGHT! 🚔🔥
— Crime Branch Delhi Police (@CrimeBranchDP) August 2, 2026
👮♂️ CR, Crime Branch, Delhi apprehends a ₹10,000 rewarded murder accused who had been absconding for nearly 15 YEARS in a murder case of PS Shakarpur, Delhi.
🔴 MAJOR BREAKTHROUGH!
➡️ Wanted in a murder & robbery case… pic.twitter.com/pqEVdjPd1i
Tags
दिल्ली