फ्लैट में सेंधमारी करने वाले दो चोर शालीमार गार्डन पुलिस के हत्थे चढ़े

 नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी: चोरी की बाइक, नकदी और औजार बरामद

गाजियाबाद।
शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली से चोरी की गई एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, चोरी में इस्तेमाल होने वाला एडजस्टेबल पाइप रिंच तथा चोरी की वारदात से संबंधित 4,380 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ेने नशे की लत पूरी करने के लिए डीएलएफ कालोनी के एक फ्लैट में सेंधमारी भी की थी।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को डीएलएफ निवासी गुरूचरण सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके फ्लैट की खिड़की तोड़कर घर में घुस गए और 10 हजार रुपये नकद तथा एक इन्वर्टर चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर शालीमार गार्डन थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान शनिवार को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर डीएलएफ स्थित शौचालय कट के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित शर्मा (30 वर्ष) निवासी शहीद नगर, साहिबाबाद तथा मनोज उर्फ मोनू (34 वर्ष) निवासी पंचशील कॉलोनी, टीला मोड़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (DL-14SP-6764), एक एडजस्टेबल पाइप रिंच और 4,380 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में दिल्ली में पहले से चोरी का मुकदमा दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि करीब 25 दिन पहले डीएलएफ क्षेत्र में एक फ्लैट की खिड़की एडजस्टेबल पाइप रिंच से तोड़कर अंदर घुसे थे और वहां से 10 हजार रुपये नकद तथा एक इन्वर्टर चोरी किया था। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद इन्वर्टर रास्ते में कुछ लोगों को बेच दिया था, जबकि चोरी की रकम आपस में बांट ली थी। बरामद 4,380 रुपये उसी चोरी की वारदात से संबंधित हैं। शेष रकम नशे में खर्च कर दी गई। गिरफ्तारी के समय वे एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों के विरुद्ध शालीमार गार्डन थाने में मकान में चोरी और चोरी का सामान रखने के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में भी चोरी की मोटरसाइकिल का मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने