घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

चोरी की बाइक, चांदी के आभूषण और कार बरामद

गाजियाबाद।
मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर नकदी, आभूषण और मोटरसाइकिल चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 252 ग्राम चांदी के आभूषण, 980 रुपये नकद, ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा वारदात में इस्तेमाल की गई रेंटल वैगनआर कार बरामद की है। 
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई को ग्राम मोरटा निवासी रिंकू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर नकदी, चांदी के आभूषण और मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। 
जांच के दौरान पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान मनन धाम फाटक के पास से प्रकाश और सूरज त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने मिलकर योजना बनाई और वैगनआर कार से मोरटा पहुंचकर घर का ताला तोड़कर चोरी की थी। चोरी के बाद मोटरसाइकिल को झाड़ियों में छिपा दिया और नकदी व आभूषण आपस में बांट लिए थे। बरामद सामान बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। 
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल (UP-14 EE-5981), 252 ग्राम चांदी के आभूषण, 980 रुपये नकद, लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार (HR-55 AY-5694) बरामद की है।  पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सूरज त्यागी के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के करीब 16 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रकाश के खिलाफ भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने