नोएडा में पति के सामने ही प्रेमिका से भिड़ी पत्नी, मारपीट का वीडियो वायरल

गौर सिटी फ्लैट में हाईवोल्टेज ड्रामा: कोर्ट नहीं पहुंचा पति तो फ्लैट पर पहुंची थी पत्नी

नोएडा।
बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक फ्लैट के अंदर पति के सामने पत्नी और एक युवती के बीच हुई जमकर मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना गौर सिटी-2 स्थित 14वें एवेन्यू के एक फ्लैट की बताई जा रही है। वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे से हाथापाई करती नजर आ रही हैं, जबकि उनके बीच विवाद को लेकर आसपास मौजूद लोग भी चर्चा करते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। शुक्रवार को दंपती के बीच चल रहे एक मामले में कोर्ट में सुनवाई होनी थी। महिला का आरोप है कि वह पति के कोर्ट पहुंचने का इंतजार करती रही, लेकिन पति सुनवाई के लिए नहीं आया। इसके बाद महिला सीधे पति के संबंध में जानकारी लेने गौर सिटी-2 स्थित फ्लैट पर पहुंच गई। वहां उसने अपने पति को एक युवती के साथ देखा। पति के साथ दूसरी महिला को देखकर पत्नी भड़क गई और दोनों महिलाओं के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। 
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने दोनों महिलाओं के बीच हो रही हाथापाई का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इसके बाद वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद बिसरख पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और गौर सिटी-2 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस फ्लैट में विवाद हुआ, वह पति की महिला मित्र का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, युवती अपना फ्लैट खाली कर रही थी और सामान आदि से जुड़े कार्य में मदद के लिए उसने महिला के पति को वहां बुलाया था। इसी दौरान पत्नी वहां पहुंच गई और युवती से उसका विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। 
मारपीट के बाद दोनों पक्ष गौर सिटी-2 पुलिस चौकी भी पहुंचे, लेकिन किसी भी पक्ष ने एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी। इसके कारण पुलिस ने मामले में कोई औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। बिसरख कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि महिला और उसके पति के बीच पहले से विवाद चल रहा है और दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। शुक्रवार को दोनों के एक मामले की कोर्ट में सुनवाई थी, लेकिन पति के कोर्ट नहीं पहुंचने के बाद पत्नी उसके फ्लैट पर पहुंच गई थी। वहां पति के साथ मौजूद युवती से विवाद होने पर दोनों के बीच मारपीट हो गई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे थे, लेकिन किसी भी पक्ष ने कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत नहीं दी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि यदि भविष्य में किसी पक्ष की ओर से शिकायत दी जाती है तो तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा: फ्लैट के अंदर दो महिलाओं के बीच हुई इस मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर जांच की गई और घटना में शामिल लोगों से जानकारी ली गई है। फिलहाल दोनों पक्षों के शिकायत न देने के कारण मामले में कोई आगे की कार्रवाई नहीं की गई है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने