महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन के शिविर में मेडिकल कैंप लगाकर दवाइयों से लेकर एंबुलेंस तक की सुविधा उपलब्ध करा रही समिति, नरेंद्र कश्यप ने मेडिकल कैंप का किया निरीक्षण
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा और चिकित्सा सहायता के लिए परमवीर अब्दुल हमीद कल्याण समिति की ओर से दिल्ली के वजीराबाद रोड स्थित वीर शिरोमणि पृथ्वीराज चौहान चौक पर लगाए गए महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन के शिविर में मेडिकल कैंप संचालित किया जा रहा है। समिति के चिकित्सक और मेडिकल टीम कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार, जरूरी दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रही है। रविवार को इस कैम्प में पहुंचकर यूपी सरकार राज्यमंत्री व एमएलसी नरेन्द्र कश्यप ने निरीक्षण कर कांवड़ियों से संवाद भी किया।समिति से जुड़े डॉ. गुलशाद ने बताया कि परमवीर अब्दुल हमीद कल्याण समिति पिछले 16 वर्षों से कांवड़ियों की सेवा करती आ रही है। इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महर्षि कश्यप शिव कांवड़ सेवा संगठन के कैंप में विशेष मेडिकल व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कैंप में कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यात्रा के दौरान किसी कांवड़िये या भोले के घायल अथवा अस्वस्थ होने की स्थिति में तत्काल उपचार दिया जाता है। मेडिकल कैंप में आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गई हैं। गंभीर रूप से घायल या जरूरतमंद कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद आवश्यकतानुसार एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की जाती है।
इसी क्रम में एक घायल श्रद्धालु निशांत गुप्ता को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। मेडिकल टीम ने उन्हें फर्स्ट एड देते हुए आवश्यक मरहम-पट्टी की। मेडिकल कैंप में निर्मल कुमार गुप्ता, प्रभाकर शर्मा, परवेज, हाजी इमरान, डॉ. रूपेश, डॉ. प्रशांत सोनी और डॉ. समीर चौहान सहित अन्य सदस्य कांवड़ियों की सेवा में जुटे हुए हैं। डॉ. गुलशाद ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से गुजरते हैं। ऐसे में थकान, चोट लगने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से समिति की ओर से वर्षों से सेवा कार्य किया जा रहा है।
कांवड़ यात्रा के दौरान लगाए गए मेडिकल कैंप का राज्यमंत्री व एमएलसी नरेंद्र कश्यप ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कैंप में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और वहां मौजूद मेडिकल टीम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नरेंद्र कश्यप ने कांवड़ियों का मेडिकल चेकअप कराते हुए उनसे बातचीत भी की।
उन्होंने कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की कुशलक्षेम जानी और मेडिकल कैंप में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों की सेवा में जुटी मेडिकल टीम के प्रयासों की सराहना की।
Tags
गाजियाबाद