251 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर निकाली शोभायात्रा, एमएलसी नरेंद्र कश्यप भी हुए शामिल
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन क्षेत्र की छाबड़ा कॉलोनी स्थित चित्रगुप्त पार्क में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कलश यात्रा में भाग लेकर भगवान के जयकारे लगाए। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की।कथा के शुभारंभ से पूर्व 251 महिलाओं ने कलश धारण कर भव्य कलश यात्रा निकाली। यात्रा चित्रगुप्त पार्क से प्रारंभ होकर एन ब्लॉक, सी ब्लॉक, विवेकानंद चौक, विक्रम एन्क्लेव और 80 फुटा रोड होते हुए वापस चित्रगुप्त पार्क पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष किए। वापस पहुंचने के बाद महिलाओं ने विधि-विधान के साथ कलश स्थापित किए और श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के शुभारंभ की धार्मिक प्रक्रिया पूरी की।कलश यात्रा में एमएलसी नरेंद्र कश्यप भी शामिल हुए। उन्होंने श्रीमद्भागवत ग्रंथ को सिर पर धारण कर श्रद्धा एवं आस्था के साथ यात्रा में सहभागिता की। उनके शामिल होने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भक्ति, धर्म और सदाचार का दिया जाएगा संदेश: कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, धर्म, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन के महत्व का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों के अनुसार प्रतिदिन श्रद्धालु कथा का श्रवण कर भगवान की लीलाओं और श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेशों से परिचित होंगे। कथा का वाचन प्रतिदिन पूज्य पंडित हरिप्रसाद बृजवासी महाराज के मुखारबिंद से किया जाएगा। कथा में परीक्षित के रूप में अपूर्वा (नेहा) और हिमांशु (सोनू) की उपस्थिति रही।
16 अगस्त को हवन और भंडारे के साथ होगा समापन: श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन श्रीमती सरोज देवी एवं श्री विजेंद्र श्रीवास्तव द्वारा कराया जा रहा है। कथा का समापन 16 अगस्त को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा। इस दिन सुबह 10 बजे हवन का आयोजन किया जाएगा, जबकि दोपहर 1 बजे भंडारे का आयोजन होगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने तथा धार्मिक आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद: कलश यात्रा एवं कथा के शुभारंभ अवसर पर श्रीवास्तव परिवार के सदस्यों के अलावा वार्ड-37 के पार्षद रवि भाटी, पूर्व डिप्टी मेयर एडवोकेट सरदार भाटी, पार्षद पति कालीचरण पहलवान, भोपाल सिंह यादव, मुकेश यादव, सोमनाथ चौहान, शालिनी, नेनी, स्वाति, शालू, श्रीमती प्रिया आर्य, श्रीमती राजेश देवी शर्मा, पार्वती जलोटा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने कथा स्थल पर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। कलश यात्रा की वीडियो देखें......
Tags
गाजियाबाद

