गाजियाबाद में गांजा तस्करों से पुलिस की मुठभेड़: तीन गिरफ्तार, दो को लगी गोली

विजयनगर इलाके हुई मुठभेड़, 21 किलो गांजा, स्कूटी और तमंचे बरामद 

गाजियाबाद।
 
विजयनगर थाना पुलिस, नगर स्वाट टीम और सर्विलांस सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा तस्करी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 21 किलोग्राम अवैध गांजा, एक स्कूटी, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात को विजयनगर थाना पुलिस, नगर स्वाट टीम और सर्विलांस सेल को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति लिंडन बैराज की ओर से स्कूटी पर अवैध गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान लिंडन बैराज की तरफ से एक स्कूटी पर तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च और इशारे से उन्हें रुकने का संकेत दिया, लेकिन आरोपी पुलिस चेकिंग देखकर स्कूटी को तेजी से मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई।
सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय के मुताबिक, टीम ने आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।घायल आरोपियों की पहचान अनस पुत्र निसार निवासी फर्रुखनगर, असलमपुर थाना टीला मोड़, गाजियाबाद और दिलशाद पुत्र नियाज अहमद निवासी फर्रुखनगर, असलमपुर थाना टीला मोड़, गाजियाबाद के रूप में हुई है। वहीं तीसरे आरोपी की पहचान असलम पुत्र इस्लाम, निवासी फर्रुखनगर, असलमपुर थाना टीला मोड़, गाजियाबाद के रूप में हुई है। घायल आरोपियों अनस और दिलशाद को उपचार के लिए जिला एमएमजी अस्पताल गाजियाबाद में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। 
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे गांजा खरीदकर उसे एनसीआर क्षेत्र में बेचते थे और बिक्री से मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपी शनिवार रात भी चोरी-छिपे गांजा बेचने के इरादे से आए थे। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अनस के खिलाफ गाजियाबाद कमिश्नरेट क्षेत्र में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, पुलिस मुठभेड़, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और गांजा सप्लाई के स्रोतों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने