27 अक्टूबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा निर्णय लिया है। मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चल रहे इस अभियान के तहत अब बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन और सर्वे का कार्य 17 अगस्त तक जारी रहेगा। पहले यह अभियान निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाना था, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्य की आवश्यकता और दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध को देखते हुए निर्वाचन आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को नए कार्यक्रम की जानकारी देने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी राजनीतिक दलों को भी संशोधित समय-सारणी से अवगत कराने को कहा गया है।
3 अगस्त तक 99.98 प्रतिशत मतदाताओं को बांटे गए फॉर्म: मुख्य निर्वाचन अधिकारी दिल्ली कार्यालय के अनुसार, 3 अगस्त रात 8 बजे तक फेस-III के तहत 30 जून से शुरू हुए गणना चरण में दिल्ली में कुल 1,45,10,298 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें से 1,45,07,574 फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 99.98 प्रतिशत है। अब तक 89,99,325 फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। यह कुल फॉर्म का 62.02 प्रतिशत है।
आउटर नॉर्थ जिला डिजिटाइजेशन में सबसे आगे: जिलावार आंकड़ों के अनुसार, डिजिटाइजेशन के मामले में आउटर नॉर्थ जिला सबसे आगे है। यहां कुल 8,32,510 मतदाताओं में से 72.21 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। वहीं, साउथ वेस्ट जिले में 13,29,749 मतदाताओं में से 70.60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा वेस्ट जिले में 68.91 प्रतिशत और नॉर्थ वेस्ट जिले में 66.79 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। बड़े मतदाता आधार वाले साउथ ईस्ट जिले में अब तक 49.27 प्रतिशत फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं। यहां आगामी 17 अगस्त तक शेष कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ईस्ट जिले में यह आंकड़ा 55.14 प्रतिशत और साउथ जिले में 55.59 प्रतिशत है।
नागरिकों से समय का लाभ उठाने की अपील: प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जिन लोगों के फॉर्म भरने या सत्यापन की प्रक्रिया अभी बाकी है, वे बढ़ाई गई समय-सीमा 17 अगस्त तक इसे पूरा करा लें। राजनीतिक दलों से भी अपने बूथ लेवल एजेंट्स के माध्यम से सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि आगामी 27 अक्टूबर को जारी होने वाली अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
Tags
दिल्ली