भारत माता के जयघोष से गूंजा पीएसी गाजियाबाद परिसर, शान से निकली तिरंगा रैली

तिरंगे की शान में निकली 47वीं वाहिनी पीएसी की भव्य रैली, जवानों ने किया कदमताल

गाजियाबाद। ‘
भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी उद्घोष से शुक्रवार को 47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद का परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत वाहिनी परिसर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
भारत सरकार द्वारा 9 से 17 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए 47वीं वाहिनी पीएसी में आयोजित रैली में अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
रैली का आयोजन 41वीं/47वीं वाहिनी पीएसी, गाजियाबाद के सेनानायक डॉ. दिनेश यादव (आईपीएस) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान उपसेनानायक बी.एस. वीर कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में भाग लिया तथा राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
रैली के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और देशभक्ति के नारों से पूरा वाहिनी परिसर गूंज उठा। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष ने वातावरण में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान और गरिमा की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। तिरंगा रैली के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश भी दिया गया।
रैली में सहायक सेनानायक मुकेश कुमार त्यागी, शिविरपाल जयेंद्र कुमार गंगवार, सूबेदार सैन्य सहायक सत्यबीर सिंह, सहायक शिविरपाल राजपाल सिंह, उत्तर प्रदेश पुलिस की कबड्डी एवं कुश्ती टीम, कमांडो टीम सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने उत्साह और अनुशासन के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने