लोकार्पण कर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- मयूर विहार-बारापुला फ्लाईओवर और मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े कार्यों का भी होगा लोकार्पण
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर बनाए गए दो नए स्लिप रोड पुलों का बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह भी मौजूद रहे। दोनों पुलों के शुरू होने से कोंडली ब्रिज के आसपास यातायात का दबाव कम होने और व्यस्त समय में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना का काम पिछली सरकार के कार्यकाल में शुरू हुआ था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद दिल्ली में लंबे समय से लंबित विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि जनता से जुड़े सभी अधूरे प्रोजेक्ट जल्द पूरे हों। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में मयूर विहार-बारापुला फ्लाईओवर और मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। सड़क और परिवहन से जुड़ी परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्लीवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में हो रहे विकास कार्यों को देखकर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली में लंबे समय से रुके विकास कार्यों को पूरा करने का काम कर रही है, जिसका सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा।
कोंडली जंक्शन पर कम होगा यातायात का दबाव: कोंडली ब्रिज कल्याणपुरी-कोंडली क्षेत्र को गाजीपुर डेयरी फार्म रोड और गाजीपुर क्षेत्र से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। कल्याणपुरी, गाजीपुर और नोएडा की ओर से आने वाले वाहनों के कारण व्यस्त समय में यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती थी। नए स्लिप रोड पुलों के शुरू होने से वाहनों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे कोंडली के मौजूदा टी-जंक्शन पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है।
37.08 करोड़ रुपये में पूरा हुआ प्रोजेक्ट: लोक निर्माण विभाग के इस प्रोजेक्ट के तहत मौजूदा कोंडली ब्रिज के दोनों ओर दो स्लिप रोड पुलों का निर्माण किया गया है। पहला स्लिप रोड पुल करीब 103 मीटर लंबा और 13.50 मीटर चौड़ा है। इसमें 36-36 मीटर के दो स्पैन और 13-13 मीटर के दो छोटे स्पैन बनाए गए हैं। दूसरा पुल करीब 54 मीटर लंबा है, जिसमें 54 मीटर का सिंगल स्टील प्लेट गर्डर स्पैन है। करीब 9.50 मीटर चौड़े कैरिजवे में दो लेन बनाई गई हैं। दोनों पुलों पर क्रैश बैरियर के ऊपर 600 मिलीमीटर ऊंची एमएस पाइप रेलिंग भी लगाई गई है। परियोजना की मूल स्वीकृत लागत 25.43 करोड़ रुपये थी, जिसे संशोधित कर 37.08 करोड़ रुपये किया गया। निर्माण कार्य 22 नवंबर 2021 को शुरू हुआ था और 16 जून 2026 को वास्तविक रूप से पूरा हुआ। विभाग के अनुसार परियोजना का भौतिक कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
यात्रा समय और प्रदूषण में कमी की उम्मीद: नए स्लिप रोड पुलों के शुरू होने से चांद सिनेमा रोड, गाजीपुर रोड और कोंडली ब्रिज के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे वाहनों को सुगम आवागमन का विकल्प मिलेगा और यात्रा समय तथा ईंधन की खपत में कमी आ सकती है। इसके साथ ही यातायात के दबाव में कमी आने से वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद जताई गई है।
बीते डेढ़ वर्षों में हमारी सरकार ने ‘अटकाने, लटकाने और भटकाने’ की पुरानी कार्यसंस्कृति को समाप्त कर विकास को नई गति दी है।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) August 13, 2026
गाज़ीपुर ड्रेन से हिंडन नहर तक 2-लेन स्लिप रोड ब्रिज इसी बदलती दिल्ली का प्रमाण है। इससे लाखों लोगों का सफर सुगम होगा और उनका बहुमूल्य समय बचेगा।… pic.twitter.com/AcTkv5BxuQ
Tags
दिल्ली