कासगंज में गाजियाबाद के एनडीआरएफ जवानों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा

गाजियाबाद/कासगंज।
देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 8वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), गाजियाबाद की प्री-मॉनसून तैनाती के तहत कासगंज में तैनात टीम ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडेंट सुदेश कुमार के मार्गदर्शन और जिला प्रशासन के समन्वय से आयोजित तिरंगा यात्रा में एनडीआरएफ के अधिकारी एवं जवानों ने पूरे जोश, उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया गया। 
भारत माता के जयकारों से गूंजा वातावरण:
तिरंगा यात्रा के दौरान एनडीआरएफ जवान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर आगे बढ़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ और ‘तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है’ जैसे देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों से वातावरण गूंज उठा। एनडीआरएफ जवानों ने आमजन को अपने घरों पर राष्ट्रध्वज फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। जवानों ने लोगों को बताया कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, शौर्य, त्याग, एकता और अखंडता का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान को सर्वोच्च स्थान दे। 
नागरिकों से अभियान में भागीदारी का आह्वान: 
इस अवसर पर टीम कमांडर इंस्पेक्टर चमन किशोर गुप्ता ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ महज एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से पूरे उत्साह के साथ अभियान में सहभागी बनने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया। 
स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा:
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कासगंज स्पोर्ट्स स्टेडियम से हुआ। यहां से यात्रा ग्राम होडलपुर और पॉलिटेक्निक कॉलेज सोरों होते हुए वापस स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। यात्रा के दौरान एनडीआरएफ जवानों ने ग्रामीणों और आमजन को राष्ट्रध्वज के सम्मान तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व के प्रति जागरूक किया। बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।एनडीआरएफ की यह पहल ‘सेवा, सुरक्षा और राष्ट्रभक्ति’ की भावना के अनुरूप राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास रही। यात्रा के माध्यम से लोगों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने