अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है वसुंधरा सेक्टर-3 का शिवम पार्क

सौंदर्यीकरण की राह देख रहे वार्ड नम्बर 54 वसुंधरा सेक्टर-3 के लोग

गाजियाबाद।
वार्ड नंबर-54, वसुंधरा सेक्टर-3 स्थित शिवम पार्क इन दिनों अपनी दुर्दशा पर आंसू बहाने को मजबूर है। एक ओर जहां गाजियाबाद में विकास कार्यों और पार्कों के सौंदर्यीकरण पर जोर दिया जा रहा है, वहीं वसुंधरा जैसी पॉश कॉलोनी का यह पार्क विकास और सौंदर्यीकरण की बाट जोह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क की स्थिति लंबे समय से चिंताजनक बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पार्क की स्थिति को लेकर कई बार वार्ड पार्षद से भी शिकायत और आग्रह किया जा चुका है। लोगों का कहना है कि उन्होंने पार्क की दुर्दशा से पार्षद को अवगत कराया, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हालांकि, इस संबंध में पार्षद से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
शिवम पार्क की मौजूदा स्थिति देखकर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जब क्षेत्र के अन्य हिस्सों में विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य हो रहे हैं, तो इस पार्क को आखिर कब तक उपेक्षा का सामना करना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क केवल हरियाली और घूमने की जगह नहीं होते, बल्कि किसी भी विकसित कॉलोनी की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं। ऐसे में पार्क का व्यवस्थित और सुंदर होना क्षेत्र के विकास की तस्वीर को भी दर्शाता है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि वार्ड के पार्षद सत्येंद्र चौधरी को क्षेत्र के कर्मठ और सक्रिय पार्षदों में गिना जाता है। ऐसे में शिवम पार्क की स्थिति को लेकर लोगों के मन में यह सवाल है कि आखिर इस पार्क की ओर अपेक्षित ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है।
कुल मिलाकर क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के अधिकारियों और निगम पार्षद से शिवम पार्क की स्थिति का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द आवश्यक विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास तभी माना जा सकता है, जब वहां की सड़कें, सीवर लाइन, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्थिति में हों।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि आम जनता अपनी समस्याओं को जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों तक पहुंचा सकती है, लेकिन समस्याओं का समाधान कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों की होती है। इसलिए शिवम पार्क की दुर्दशा को दूर कर उसका सौंदर्यीकरण कराया जाना जरूरी है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर वातावरण मिल सके और वसुंधरा के विकास की तस्वीर और बेहतर दिखाई दे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने