मेरी आवाज सुनो फाउंडेशन एवं राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ के संयुक्त तत्वावधान में होगा कार्यक्रम
गाजियाबाद। देश के भविष्य छात्र-छात्राओं और उन्हें सही राह दिखाने वाले शिक्षकों का सम्मान करना समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से ‘मेरी आवाज सुनो फाउंडेशन’ एवं ‘राष्ट्रीय जागरूक ब्राह्मण महासंघ’ के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को मेधावी विद्यार्थी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे होटल कीन्स फोल्क, सेक्टर-3, वसुंधरा, गाजियाबाद में आयोजित होगा। कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित आरडी शर्मा ने बताया कि संस्था शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में इस वर्ष बोर्ड एवं अन्य परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त कर सफलता हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। इसके अलावा समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गुरुजनों एवं शिक्षकों का भी विशेष अभिनंदन किया जाएगा।
पंडित आरडी शर्मा ने कहा -युवा प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाना उद्देश्य: पंडित आरडी शर्मा ने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और सही दिशा प्रदान करते हैं। इसलिए इस समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों को भी सम्मान देना कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, समाजसेवियों और क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में समय पर पहुंचकर समारोह की शोभा बढ़ाने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
भव्य और अनुशासित होगा कार्यक्रम: संस्था के प्रदेश अध्यक्ष पंडित अमरेश कुमार शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि समारोह को भव्य एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का संस्था के पदाधिकारियों द्वारा सम्मान एवं अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नाश्ते की भी उचित व्यवस्था की गई है।उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और संस्था के पदाधिकारी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम संयोजक अशोक पांडे, जिला अध्यक्ष महिला विंग आरती भाटी, विभा पांडे, अर्चना शर्मा, संगीता शर्मा, अनूप खन्ना, विधि शर्मा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
Tags
गाजियाबाद