आनंद विहार स्टेशन पर ‘देश मेरे’ संगीत कार्यक्रम में कॉलेज बैंड ने दी देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुति
नई दिल्ली/गाजियाबाद। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एनसीआरटीसी द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नमो भारत कॉरिडोर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से यात्रियों की दैनिक यात्रा को देशभक्ति, संगीत और राष्ट्रीय गौरव की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर ‘देश मेरे’ नाम से विशेष संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज तथा मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (MIET) के कॉलेज बैंड ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
युवा कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की एकता, गौरव और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। साथ ही, देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के साहस, त्याग और पराक्रम को श्रद्धांजलि अर्पित की। देशभक्ति गीतों से आनंद विहार स्टेशन का माहौल पूरी तरह राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। यात्रियों ने तालियों के साथ युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और कई यात्री गीतों के साथ स्वर मिलाते हुए नजर आए।
एनसीआरटीसी ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की दैनिक यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए स्टेशनों और नमो भारत ट्रेनों के अंदर ‘वंदे मातरम्’ की वाद्य धुनें भी बजाई हैं। राष्ट्रीय गीत की परिचित धुन यात्रियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश के गौरवशाली इतिहास की याद दिला रही है।कॉरिडोर के कुछ नमो भारत स्टेशनों को केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से सजाया गया है। तिरंगे की रोशनी में जगमगाते स्टेशन स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का आकर्षण बने हुए हैं।
तिरंगे के साथ सेल्फी का भी दिखा उत्साह: भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एनसीआरटीसी ने कई नमो भारत स्टेशनों पर विशेष रूप से तैयार किए गए तिरंगा-थीम वाले बैकड्रॉप और सेल्फी बूथ भी लगाए हैं। यहां यात्री तिरंगे के साथ तस्वीरें खिंचवाकर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज करा रहे हैं। एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने भी निदेशकों के साथ इस अभियान में भाग लिया और तिरंगे के साथ तस्वीर खिंचवाई। इन सेल्फी इंस्टॉलेशन के माध्यम से यात्रियों को स्वतंत्रता दिवस की यादों को संजोने और राष्ट्र के प्रति अपना गर्व प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। एनसीआरटीसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नमो भारत कॉरिडोर पर आयोजित इन कार्यक्रमों और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विभिन्न आयोजनों की झलकियां साझा की जा रही हैं।
नमो भारत स्टेशन बन रहे जीवंत सोशल हब: एनसीआरटीसी का कहना है कि इस तरह की पहलों का उद्देश्य नमो भारत स्टेशनों को केवल यात्रियों के आने-जाने के स्थान तक सीमित न रखकर उन्हें जीवंत, समावेशी और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करना है। स्वतंत्रता दिवस का यह उत्सव देश की आजादी के बाद की विकास यात्रा पर चिंतन करने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन प्रणाली के रूप में नमो भारत देश की प्रगति, आधुनिकता और एक आत्मविश्वासी तथा विकसित भारत की आकांक्षाओं का प्रतीक बनकर उभर रहा है। वर्तमान में लगभग एक लाख यात्री प्रतिदिन भारत के पहले नमो भारत कॉरिडोर पर सफर कर रहे हैं। ऐसे में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम देश की अब तक की विकास यात्रा को रेखांकित करने के साथ-साथ ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को साकार करने में नागरिकों और संस्थाओं की भूमिका की ओर भी ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
Tags
गाजियाबाद