दिल्ली में एमसीडी कर्मी की हत्या, खोड़ा में शव आने पर छह घंटे हुआ हंगामा

मुआवजे और नौकरी की मांग पर अड़े थे परिजन, पुलिस के आश्वासन पर हुआ अंतिम संस्कार

गाजियाबाद।
दिल्ली के त्रिलोकपुरी में खोड़ा निवासी एमसीडी कर्मी अनिल कुमार (26) की चाकू मारकर हत्या के बाद मंगलवार को शव खोड़ा पहुंचने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने आरोपित के एनकाउंटर, एक करोड़ रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। करीब छह घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद ठेकेदार से 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने के आश्वासन पर परिजन शांत हुए। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे अंतिम संस्कार किया गया।
खोड़ा के कला एन्क्लेव निवासी अनिल कुमार दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में कार्यरत थे। रविवार को त्रिलोकपुरी क्षेत्र में चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। हालांकि दिल्ली पुलिस ने अनिल की हत्या करने वाले आरोपी निहाल को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को जेल भेज दिया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 52 साल का आरोपी निहाल अपनी पत्नी की कूड़ा उठाने वाले ट्रक के ड्राइवर गुलशन से बातचीत को लेकर नाराज था इसी शक और गुस्से में वह गुलशन की हत्या करने के इरादे से चाकू लेकर निकला था, लेकिन गुलशन के नहीं मिलने पर नशे की हालत में उसने अनिल पर हमला कर दिया। चाकू के हमले में अनिल की मौत हो गई थी। वारदात से गुस्साए अनिल के परिवार ने दिल्ली में भी हंगामा किया था। मंगलवार अलसुबह दिल्ली पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस को शव खोड़ा लाए जाने की सूचना दी। इसके बाद एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस फोर्स को खोड़ा में तैनात कर दिया गया।
करीब छह बजे शव खोड़ा पहुंचा। शव देखते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उन्होंने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये मुआवजा और परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब छह घंटे तक बातचीत का दौर चला। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दिल्ली पुलिस से बातचीत के बाद ठेकेदार की ओर से 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई। दोपहर करीब 12 बजे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अनिल कुमार का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने