10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की चेतावनी
गाजियाबाद। यूजीसी रेगुलेशन-2026 के विरोध और नए नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर गाजियाबाद के करहेड़ा गांव में पंचायत आयोजित की गई। क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज सिंह शेखावत के नेतृत्व में हुई पंचायत में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पंचायत में सरकार से 10 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार करने और यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने की मांग उठाई गई। पंचायत को संबोधित करते हुए राज सिंह शेखावत ने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से 10 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक तरीके से विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब तक यूजीसी रेगुलेशन-2026 को वापस लेने और अन्य मांगों को लेकर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।राज सिंह शेखावत ने कहा कि अब आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर के आसपास के गांवों में लोगों से संपर्क कर उन्हें आंदोलन से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को इस मुद्दे से जोड़कर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने पहले भी अपनी मांगें रखी जा चुकी हैं, लेकिन अब आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शेखावत ने शिक्षा मंत्री से भी यूजीसी के नए नियमों और उनसे जुड़ी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की।
शेखावत ने कहा कि आने वाले समय में जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि बच्चों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर आंदोलन से पीछे हटने का सवाल नहीं है। पंचायत में यूजीसी रेगुलेशन-2026 को वापस लेने समेत 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद