वारदात से स्थानीय लोगों में आक्रोश, पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित की टीमें, पार्षद रवि भाटी ने पीड़ित परिवार के प्रति जताई संवेदना
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव एक्सटेंशन में बुधवार को महज 20 रुपये की रंगदारी न देने के विवाद में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय मुस्ताक अली पुत्र अंसार, निवासी 119 विक्रम एन्क्लेव एक्सटेंशन के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह कबाड़ बीनने का काम करता था। मुस्तकीम के परिवार में पत्नी सानिया के अलावा एक बेटा और एक बेटी है। परिवार की आजीविका में उसका महत्वपूर्ण योगदान था। युवक की मौत के बाद पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।तिकोना पार्क के पास हुआ विवाद: प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 2 बजे तिकोना पार्क के पास मुस्ताक और आरोपी के बीच 20 रुपये को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने मुस्ताक से 20 रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये देने से इनकार करने पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने चाकू निकालकर मुस्तकीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने मुस्ताक पर चाकू से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल मुस्ताक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान समीर उर्फ गट्टू के रूप में: पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की पहचान समीर उर्फ गट्टू पुत्र एहसान, निवासी सीमापुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। घटना के बाद मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शालीमार गार्डन थाने पहुंच गए। परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों में घटना को लेकर आक्रोश दिखाई दिया।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा: मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी अतुल कुमार सिंह और शालीमार गार्डन थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी मौके पर मौजूद रहे। वही मौके पर भाजपा पार्षद रवि भाटी, सरदार सिंह भाटी, कालीचरण पहलवान को बुलाया गया। उन्होंने और अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर वापस भेज दिया, साथ ही अधिकारियों ने परिजनों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू समेत अन्य साक्ष्य जुटाए जाएंगे। एसीपी अतुल कुमार सिंह का कहना है कि हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: मुस्ताक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी सानिया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि मृतक 20 दिन पहले ही सोनू के यहां किराए पर रहने के लिए आया था। मुस्ताक के दो छोटे-छोटे बच्चे (मुस्तकीम ढाई साल-सायरा 6 माह) हैं, जिनकी जिम्मेदारी अब परिवार के सामने बड़ी चुनौती बन गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
पार्षद रवि भाटी बोले-हत्यारे को सख्त सजा मिले, हम पीड़ित परिवार के साथः इस सनसनीखेज वारदात की सूचना पाकर स्थानीय पार्षद रवि भाटी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस घटना पर रोष जाहिर किया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मृतक के परिवार की माली हालत पर चिंता जताते हुए कहा कि प्रयास किया जाएगा कि पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद की जाए। हम परिवार के साथ खड़े हैं।
Tags
गाजियाबाद