मिट्टी से भरे ट्रैक्टरों के विरोध की रंजिश में किया गया प्रदीप पर जानलेवा हमला, बारी-बारी चढ़ाए वाहन, पांच पर केस
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के ग्राम बड़का आरिफपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति को कथित तौर पर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों से कुचलकर हत्या करने के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में 45 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र निदान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सभी ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल को मुरादनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।पांच ट्रैक्टरों से कुचलने का आरोप: मामले में प्रदीप की पत्नी पूनम निवासी बड़का आरिफपुर ने मसूरी थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 17 अगस्त की रात करीब साढ़े 10 बजे प्रदीप गांव में विनोद की दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जलालाबाद की ओर से पांच ट्रैक्टर तेज रफ्तार से आए। शिकायत में कहा गया है कि इनमें तीन ट्रैक्टरों के पीछे मिट्टी से भरी ट्रॉलियां लगी थीं, जबकि दो ट्रैक्टरों में मिट्टी उठाने वाले उपकरण लगे हुए थे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर चालकों ने प्रदीप को देखते ही उन्हें जान से मारने की नीयत से बारी-बारी से ट्रैक्टर चढ़ा दिए। हमले में प्रदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी चालक अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मिट्टी से भरे ट्रैक्टरों के विरोध को लेकर रंजिश का आरोप: पूनम का आरोप है कि उनके पति और गांव के कुछ अन्य लोगों ने पूर्व में मिट्टी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के अनियंत्रित और कथित अवैध संचालन का विरोध किया था। उनका कहना है कि मिट्टी से लदे ट्रैक्टरों के आवागमन के कारण सड़क पर मिट्टी फैल जाती थी, जिससे ग्रामीणों, राहगीरों और घरों के बाहर खेलने वाले बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी बात को लेकर कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते प्रदीप को निशाना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से जान से मारने का प्रयास किया गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात ट्रैक्टर चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल प्रदीप का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
Tags
गाजियाबाद