चोरी की तीन मोटरसाइकिल के अलावा पार्ट्स बरामद, अन्य की तलाश जारी
गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक और उनके कुछ पार्ट्स बरामद किए गए हैं। बरामद दो बाइक दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई थीं, जबकि एक बाइक ट्रोनिका सिटी क्षेत्र से चोरी हुई थी।
दरअसल 18 अगस्त को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके घर के सामने खड़ी बाइक चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बाइक की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई थी। 19 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि वाहन चोरी करने वाले कुछ युवक ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो चोरों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा खान निवासी बदरपुर यमुना सिटी और अयान चौहान निवासी पूजा कॉलोनी, ट्रोनिका सिटी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष है। इनके साथ मौजूद करीब 17 वर्षीय नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया। तलाशी के दौरान तीन चोरी की बाइक और उनके पार्ट्स बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तीनों मिलकर बाइक चोरी करते थे। इसके लिए पहले इलाके में घूमकर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे जंगल या झाड़ियों में छिपा देते थे। बाद में चोरी की बाइक को इकराम अल्वी और अमित आलम को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक, बरामद तीनों बाइक को भी बेचने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ट्रोनिका सिटी में बाइक चोरी का एक मामला दर्ज है। इसके अलावा दिल्ली के शास्त्री पार्क और उस्मानपुर थाने में भी बाइक चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े इकराम अल्वी और अमित आलम की तलाश कर रही है।
Tags
गाजियाबाद