नाबालिग साली से दुष्कर्म के आरोप में आरोपी जीजा गिरफ्तार

भेद खुलने पर आरोपी ने पीड़िता को साथ ले जाने और आत्महत्या करने की दी थी धमकी

गाजियाबाद।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने नाबालिग साली से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी जीजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर नाबालिग को धमकी देने का भी आरोप है। आरोपी की पहचान अमन पुत्र तेजेंद्र, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 को पीड़िता के परिजनों की ओर से थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी करीब 12 वर्षीय बेटी के साथ आरोपी अमन ने परिजनों की गैरमौजूदगी में कई बार दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी होने पर जब परिजनों ने आरोपी से इस संबंध में बात की तो उसने पीड़िता को अपने साथ लेकर आत्महत्या करने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने तत्काल धारा 65(1), 352, 351(2), 351(3) बीएनएस तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L), 5(N), 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक जांच में आरोपी द्वारा पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने और घटना को छिपाने के लिए उसे धमकी देने की बात सामने आई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। गुरूवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी अमन को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में बिजलीघर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का वर्तमान पता शनि मंदिर के पास, पावलगढ़ी, थाना मसूरी, गाजियाबाद है, जबकि उसका मूल पता ग्राम भगवानपुर, थाना किठौर, जनपद मेरठ बताया गया है। 
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि पीड़िता की बड़ी बहन उसकी पत्नी है और करीब एक वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। करीब 20 दिन पहले पीड़िता की बहन अपने मायके आई थी। इसी दौरान आरोपी की नीयत पीड़िता पर खराब हो गई और उसने धीरे-धीरे उसे अपने प्रेमजाल में फंसाया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने कई बार मौका पाकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब इस बात की जानकारी पीड़िता के परिवार को हुई और उन्होंने आरोपी से इस संबंध में पूछताछ की, तो उसने दबाव बनाने के लिए पीड़िता को अपने साथ ले जाने तथा आत्महत्या करने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को पता चला कि पीड़िता के परिजनों ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी है, तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर घूम रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने