अवैध शराब-ड्रग्स और हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 193 गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले ने अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और जुए के कारोबार के खिलाफ 72 घंटे का विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 24 से 27 अगस्त 2026 तक चलाए गए ‘ऑपरेशन चक्र’ के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और गैंबलिंग एक्ट के तहत कुल 154 मामले दर्ज कर 193 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार, जुआ राशि और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, अभियान डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट की निगरानी में तथा एडिशनल डीसीपी-I पुखराज कमल गुप्ता और एडिशनल डीसीपी-II राम दलेश मीणा के नेतृत्व में चलाया गया। सभी एसडीपीओ और थाना प्रभारियों को रणनीतिक स्थानों पर चेकिंग और गश्त बढ़ाने के साथ पुलिस बल की तैनाती मजबूत करने के निर्देश दिए गए थे।अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई: अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 63 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 10,122 क्वार्टर बोतल अवैध शराब और एक कार बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि यह शराब पड़ोसी राज्यों से दिल्ली लाकर स्थानीय इलाकों में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही थी।
ड्रग्स तस्करी पर भी शिकंजा: मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के तहत 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से 1.975 किलोग्राम गांजा, 39.2 ग्राम हेरोइन, 544 ग्राम चरस, 240 ब्यूप्रेनॉर्फिन टैबलेट और 500 एविल इंजेक्शन बरामद किए।
हथियारों के साथ 22 गिरफ्तार: अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान के तहत आर्म्स एक्ट में 22 मामले दर्ज कर 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों के कब्जे से तीन देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और 22 चाकू बरामद किए गए।
जुए के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई: जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने 50 मामले दर्ज कर 87 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 1,69,750 रुपये की जुआ राशि, दो मोबाइल फोन और ताश के पत्ते बरामद किए गए। अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी के चार दोपहिया वाहन भी बरामद किए।
संगठित अपराध पर कार्रवाई का उद्देश्य: डीसीपी नॉर्थ निहारिका भट्ट ने कहा कि ‘ऑपरेशन चक्र’ का उद्देश्य संगठित अपराध के नेटवर्क को बाधित करना और आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान खुफिया सूचनाओं के आधार पर निगरानी, विभिन्न पुलिस इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय, व्यापक तलाशी और सघन चेकिंग के जरिए अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। डीसीपी ने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास किसी भी संदिग्ध या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अपराध नियंत्रण में पुलिस का सहयोग करें।
Tags
दिल्ली