रक्षाबंधन पर शालीमार गार्डन थाने में स्नेह और सुरक्षा का उत्सव, बच्चों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

गाजियाबाद।
रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर शुक्रवार को थाना शालीमार गार्डन परिसर में एक विशेष एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह तथा थाना प्रभारी शालीमार गार्डन अवधेश कुमार त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर थाना परिसर में तैनात महिला पुलिसकर्मियों और नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक-दूसरे तथा पुलिसकर्मियों को रक्षासूत्र बांधकर आपसी स्नेह, विश्वास और सुरक्षा का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बच्चों का मुंह मीठा कराया और उन्हें उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। एसीपी अतुल कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी अवधेश कुमार त्रिपाठी ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सावधानीपूर्वक सड़क पार करने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा, सहायता और सेवा के लिए भी हर समय तत्पर रहती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना को बनाए रखने का संदेश दिया गया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास तथा आत्मीयता का एक सकारात्मक संदेश दिया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने