गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस और स्वाट टीम ट्रांस हिंडन जोन की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त 2026 को स्वाट टीम ट्रांस हिंडन जोन और थाना साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से गांजा तस्करी करने वाले आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हिंडन नदी के किनारे, बालाजी बिहार के पास थाना साहिबाबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पाल (30) पुत्र धर्मपाल निवासी गली नंबर-2, रामनगर, अर्थला, थाना साहिबाबाद और अमित कुमार (33) पुत्र गुलाब सिंह निवासी ग्राम जैतपुर, थाना पछायगांव, जिला इटावा, हाल निवासी रामपाल का किराये का मकान, अहिल्याबाई पार्क के पास, पाश रोड, अर्थला, थाना साहिबाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 20 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया। बरामदगी के आधार पर थाना साहिबाबाद में दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा लाकर एनसीआर में बेचते थे: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा भुवनेश्वर, ओडिशा के रेलवे स्टेशन के पास एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर लाते थे। उनके अनुसार, उक्त व्यक्ति अक्सर रेलवे स्टेशन के आसपास घूमता रहता है और वहीं से उन्हें कम कीमत में गांजा उपलब्ध हो जाता था। इसके बाद आरोपी गांजा एनसीआर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजा बेचकर मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करने के साथ-साथ घर का खर्च भी चलाते थे। दोनों आरोपी 20 अगस्त को भी गांजा बेचने की फिराक में क्षेत्र में आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अमित कुमार का आपराधिक इतिहास: पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार और गौरव पाल के खिलाफ थाना साहिबाबाद में एनडीपीएस एक्ट का एक-एक मामला दर्ज है। अमित कुमार के खिलाफ थाना सदर भुवनेश्वर, ओडिशा में एनडीपीएस एक्ट, थाना सेक्टर-14 गुरुग्राम, हरियाणा में एनडीपीएस एक्ट तथा थाना कल्याणपुरी, दिल्ली में पॉक्सो एक्ट का मुकदमा भी दर्ज बताया गया है। पुलिस के मुताबिक अमित कुमार के खिलाफ कुल चार मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
