साहिबाबाद पुलिस ने की गिरफ्तारी, 4,025 रुपये बरामद
गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने टप्पेबाजी और ठगी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक युवक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 4,025 रुपये और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के बाजारों में भोली-भाली महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी करने की बात कबूल की है।पुलिस के मुताबिक, इंदिरा गार्डन, राजेंद्र नगर निवासी पंकज कुमार ने 29 जुलाई को साहिबाबाद थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी माता शाम करीब चार से छह बजे के बीच गुज्जी देवी बाजार में खरीदारी करने गई थीं। खरीदारी के बाद रास्ते में एक महिला और युवक ने उन्हें बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाया। दोनों ने एक थैली दिखाकर उसमें काफी रुपये होने का झांसा दिया और 500 रुपये का नोट दिखाकर उनका विश्वास जीत लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी माता को विश्वास में लेकर उनके पहने हुए आभूषण रूमाल में रखवा लिए और मौका पाकर सोने के कुंडल तथा गले में पहना मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए: पुलिस के अनुसार, 7/8 अगस्त की रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साहिबाबाद पुलिस टीम ने घटना में शामिल आरोपी प्रवीण उर्फ दाऊ पुत्र दोदाराम और उसकी पत्नी तुलसी, उम्र करीब 22 वर्ष, को नागद्वार से राजीव कॉलोनी की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से ठगी के 4,025 रुपये और वारदात में इस्तेमाल सामान बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नकली नोटों की गड्डी दिखाकर बनाते थे शिकार: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आसपास के बाजारों में भोली-भाली महिलाओं को चिन्हित कर टप्पेबाजी और ठगी करते थे। आरोपी प्रवीण पहले महिलाओं के पास जाकर रास्ता आदि पूछने के बहाने बातचीत शुरू करता था। इसी दौरान उसकी पत्नी तुलसी वहां पहुंचकर एटीएम आदि के संबंध में बातचीत शुरू कर देती थी। इसके बाद दोनों महिला को नकली नोटों से बनी गड्डी दिखाकर उसमें रुपये होने का लालच देते थे। विश्वास में लेने के बाद महिला के पहने हुए आभूषण अपने पास रखवा लेते और मौका मिलते ही आभूषण लेकर फरार हो जाते थे।
श्याम पार्क में भी वारदात का खुलासा: पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 29 जुलाई को श्याम पार्क के पास भी इसी तरीके से एक महिला के साथ ठगी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों ने महिला से मिले सोने के कुंडल और मंगलसूत्र को बेगमपुर, दिल्ली स्थित एक सुनार की दुकान पर बेच दिया था, जिसके बदले उन्हें 11 हजार रुपये मिले थे। आरोपियों ने बताया कि शेष रकम उन्होंने अपने शौक और नशे में खर्च कर दी, जबकि 4,025 रुपये उनके पास बचे थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के समय दोनों आरोपी इसी तरह की एक अन्य घटना को अंजाम देने की फिराक में निकले थे, तभी मुखबिर की सूचना पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
Tags
गाजियाबाद
