कांवड़ियों की सेवा में गाजियाबाद पुलिस की अनोखी पहल, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मिलकर बांटा पानी, भोजन और जरूरी सामान

एसीपी वेवसिटी प्रियाश्री पाल के नेतृत्व में हुआ सेवा कार्यक्रम, पुलिस और समाज के बीच सहयोग एवं विश्वास मजबूत करने का संदेश

गाजियाबाद।
कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को लेकर कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शनिवार को गाजियाबाद पुलिस द्वारा एक अनोखी और सराहनीय पहल की गई। पुलिस ने जनपद के लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इस सेवा अभियान से जोड़ते हुए कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को पानी, भोजन, जलपान तथा आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। इस विशेष सेवा कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त वेवसिटी प्रियाश्री पाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने स्वयं कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनकी सेवा की तथा उन्हें यात्रा के दौरान आवश्यक खाद्य एवं पेय सामग्री उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम में लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पंडित गोपाल जी (श्री श्याम रसोई वाले) और प्रतीक पात्रा सहित अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी सहभागिता की। पुलिस के अनुसार, पंडित गोपाल जी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करीब 4 लाख फॉलोअर्स, जबकि प्रतीक पात्रा के करीब 1 करोड़ फॉलोअर्स हैं। बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रखने वाले इन इन्फ्लुएंसर्स को सेवा अभियान से जोड़ने का उद्देश्य सकारात्मक सामाजिक संदेश को अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाना भी रहा।
सेवा के साथ दिया सामाजिक सहयोग का संदेश:
कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु लंबी दूरी तय करते हुए गाजियाबाद से होकर गुजरते हैं। ऐसे में यात्रा के दौरान उन्हें पानी, भोजन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए गाजियाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से यह सेवा कार्यक्रम आयोजित किया।
इस पहल के माध्यम से पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस, प्रशासन, समाजसेवी संगठनों और आम नागरिकों के सामूहिक सहयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। साथ ही, सोशल मीडिया की व्यापक पहुंच का उपयोग सकारात्मक एवं जनहितकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किया गया। इन्फ्लुएंसर्स द्वारा इस सेवा कार्य में भाग लेने से बड़ी संख्या में उनके फॉलोअर्स तक भी सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश पहुंचने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं ने पुलिस की पहल को सराहा: कार्यक्रम के दौरान कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं को पानी, भोजन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। पुलिस एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा की गई इस सेवा पहल को श्रद्धालुओं ने सराहा। कई श्रद्धालुओं ने इस प्रकार की व्यवस्था के लिए पुलिस एवं प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया। गाजियाबाद पुलिस की इस पहल से एक ओर जहां कांवड़ियों को यात्रा के दौरान राहत एवं सुविधा मिली, वहीं दूसरी ओर पुलिस और आम जनता के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास को मजबूत करने का संदेश भी सामने आया। पुलिस द्वारा कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की श्रृंखला में यह पहल सामाजिक सहभागिता का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने