एक सिपाही घायल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थार कब्जे में ली
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में बुधवार रात शाम एक तेज रफ्तार थार ने पुलिस की मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार होमगार्ड जवान की मौत हो गई, जबकि एक पुलिस कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में थार चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया है। गाजियाबाद के पुलिस उपायुक्त (नगर) धवल जायसवाल ने बताया कि घटना बुधवार शाम बहरामपुर पुलिस चौकी के पास हुई। नोएडा के थाना सेक्टर-63 में तैनात कांस्टेबल प्रवीण कुमार और होमगार्ड जवान कपिल कुमार पुलिस मोटरसाइकिल से ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी-2 में हुई एक घटना की सूचना पर मौके के लिए जा रहे थे। दोनों जैसे ही बहरामपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी लाल रंग की थार के चालक ने वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवीण कुमार और कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए एसजेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात उपचार के दौरान होमगार्ड जवान कपिल कुमार की मौत हो गई। वहीं कांस्टेबल प्रवीण कुमार का उपचार चल रहा है। डीसीपी ने बताया कि कांस्टेबल प्रवीण कुमार की शिकायत के आधार पर क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के आरोपी थार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान कपड़ा व्यापारी सोनू गुलाटी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे में वाहन चलाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल लाल रंग की थार को भी कब्जे में ले लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद