गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइक ट्रोनिका सिटी, लोनी और दिल्ली के मोरिस नगर क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को चेकिंग अभियान के दौरान मेहरान उर्फ गोलू शेख सिद्दीकी (21), निवासी मसूरी, हापुड़ और जीशान शेख सिद्दीकी (27), हाल निवासी न्यू हिंडन विहार, साहिबाबाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पहले भी वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और ट्रोनिका सिटी, लोनी तथा दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों में रेकी कर मौका मिलते ही मोटरसाइकिल चोरी करते थे।
आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी के बाद वे बाइक जंगल और घनी झाड़ियों में छिपा देते थे तथा बाद में उन्हें दिल्ली के कबाड़ी बाजार में बेचकर रुपये आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद तीनों मोटरसाइकिलें इन्हीं क्षेत्रों से चोरी की गई थीं और आरोपी उन्हें बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। मेहरान के खिलाफ वाहन चोरी समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जीशान पर आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और वाहन चोरी सहित कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों में भी दोनों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
