कल्याणपुरी में एमसीडी कर्मचारी अनिल की हत्या के विरोध में वाल्मीकि सेना का जोरदार प्रदर्शन

हत्यारोपी को सख्त सजा और मृतक अनिल के परिवार की मदद की मांग की

नई दिल्ली।
कल्याणपुरी में निगम कर्मचारी अनिल की हत्या के विरोध में राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना के नेतृत्व में बुधवार को जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उन्हें फांसी की सजा देने समेत मृतक के परिवार के लिए कई मांगें उठाईं।
धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि अनिल की हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें कठोरतम सजा दिलाई जाए। इसके साथ ही मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।
राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना ने यह भी मांग की कि निगम कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। प्रदर्शनकारियों ने मेट्रो वेस्ट कंपनी का टेंडर तत्काल समाप्त करने तथा उसमें कार्यरत सभी कर्मचारियों को निगम की ओर से नौकरी देने की मांग भी रखी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मृतक कर्मचारी के परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है। धरने में कर्मचारी यूनियन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। 
धरने के दौरान किसी उच्च अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी और रोष दिखाई दिया। प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली सरकार से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर मृतक के परिवार को न्याय और कर्मचारियों को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय वाल्मीकि सेना के प्रधान सुरेंद्र सिंह चंदेल, संस्थापक राजू चंदेल, संरक्षक अनिल चुड़ियाला, करवा अध्यक्ष राहुल टांक, यशपाल, संजय कामरेड, ऋषिपाल बिरला, विनोद चौटाला, राजवीर चंदेल, राजीव सूट, रिंकू चौटाला, महेश टिप्पर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने