साहिबाबाद में सीटू कार्यालय के सामने कचरा डाले जाने पर मजदूरों में आक्रोश

सीपीआई (एम) ने जल्द सफाई नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी

साहिबाबाद (गाजियाबाद)। 
औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 स्थित सीटू (CITU) के क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने नाले से निकाला गया कचरा कई दिनों तक पड़े रहने से मजदूरों में भारी आक्रोश है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की झंडापुर इकाई ने यूपीसीडा प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए तत्काल सफाई कराने की मांग की है। साथ ही कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
संगठन के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यालय में कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कार्यालय के ठीक सामने स्थित नाले से कचरा निकालकर मुख्य गेट के पास जमा कर दिया गया। संगठन का आरोप है कि कचरा निकालने के बाद उसे वहां से हटाया नहीं गया। सीटू का दावा है कि करीब 15 दिन पहले ही इस नाले की सफाई कराई गई थी। कचरा कई दिनों तक पड़े रहने से कार्यालय के आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल गई है। इससे कार्यालय आने-जाने वाले मजदूरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीटू नेताओं का आरोप है कि छुट्टी के दिन और विशेष रूप से कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने कचरा जमा किया जाना सामान्य सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
मामले को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की झंडापुर इकाई के सचिव कॉमरेड कमलेश्वरी पंडित ने यूपीसीडा प्रशासन से तत्काल कचरा उठवाने और क्षेत्र की सफाई कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सफाई नहीं कराई गई तो सीपीआई (एम) कार्यकर्ता मजदूरों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
उन्होंने सीटू कार्यालय के गेट पर जमा कचरा तत्काल हटाने, आसपास की गंदगी साफ कराने और कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है। इसके अलावा छुट्टी के दिन केवल सीटू कार्यालय के सामने कचरा निकाले जाने के मामले की जांच कराने की भी मांग की गई है। कमलेश्वरी पंडित ने कहा कि कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मजदूर अपनी समस्याओं के समाधान और सहायता के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कार्यालय के मुख्य गेट के सामने गंदगी और दुर्गंध की स्थिति को तत्काल दूर किया जाना जरूरी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने