गाजियाबाद के भोजपुर और नंदग्राम में मुठभेड़: चार बदमाश गिरफ्तार

नंदग्राम में पैर में गोली लगने के बाद पुलिस के सामने गिड़गिड़ाए बदमाश

गाजियाबाद।
जिले में बुधवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच भोजपुर तथा नंदग्राम थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग मुठभेड़ हुईं। पुलिस ने दोनों घटनाओं में चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान चारों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। नंदग्राम में पकड़े गए बदमाश पुलिस के सामने माफी मांगते और गिड़गिड़ाते नजर आए।
भोजपुर में चेकिंग के दौरान मुठभेड़: पहली मुठभेड़ बुधवार तड़के भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, मोदीनगर की ओर से भोजपुर की तरफ बाइक पर आ रहे दो संदिग्धों को चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक दौड़ा दी। कुछ दूर जाकर बाइक गिरने के बाद दोनों खेतों की ओर भागने लगे। पुलिस का दावा है कि पीछा कर रही टीम पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें दबोच लिया गया। 
उनकी पहचान दिल्ली निवासी सागर खान और नोएडा निवासी शिवम उर्फ डमरू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने 28 जुलाई को परतापुर से नोएडा जाते समय एक व्यक्ति से कार में लूटपाट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। 
पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, दो 315 बोर के तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, लूटा गया लैपटॉप और पीड़ित के निजी दस्तावेज बरामद किए हैं।
नंदग्राम में SWAT और सर्विलांस टीम से मुठभेड़: दूसरी मुठभेड़ नंदग्राम थाना क्षेत्र में SWAT, सर्विलांस टीम और नंदग्राम पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई। नंदग्राम एसीपी जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, मोरटी तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। 
उनकी पहचान आरिफ और जुबेर के रूप में हुई है। पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश गलती की माफी मांगते और गिड़गिड़ाते नजर आए। पुलिस का कहना है कि दोनों पूर्व में लूट और स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल रहे हैं और नंदग्राम क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सोने की टिक्की, दो तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। 
घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस चारों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। दोनों मुठभेड़ों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने