आरोपियों ने रुपयों के विवाद में माता कालोनी में आकाश को मारी थी गोली, अन्य की तलाश जारी
गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र की माता कालोनी में रविवार रात हुई फायरिंग की घटना के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों से मंगलवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बाइक सवार दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली नगर (कार्यवाहक) जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि विजयनगर की माता कॉलोनी में रविवार रात करीब नौ बजे ब्याज के रुपयों को लेकर हुए विवाद में 24 वर्षीय युवक आकाश को गोली मार दी गई। नगर निगम में सफाईकर्मी आकाश के पेट और छाती में गोली लगी। आकाश के छोटे भाई दीपक का आरोप है कि अमन उनका पड़ोसी है। उसी ने अपने चार-पांच साथियों के साथ मिलकर रविवार रात उनके भाई आकाश पर फायरिंग की। दीपक का आरोप है कि फायरिंग करने वाले लोग यहीं नहीं रुके। उन्होंने रात करीब 11 बजे उसके बड़े भाई बादल पर भी हमला किया। घायल आकाश के पिता अशोक की शिकायत पर विजयनगर थाने में अमन, प्रवीन गहलौत, मोहित बैंसला, अजय उर्फ भूरी, सुमित दुजाना, अरूण और शिवा वैद्य समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
एसीपी के अनुसार, अपनी सुरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त की पहचान अमन के रूप में हुई। पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं, उसके दूसरे साथी अरुण को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। घायल अमन को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Tags
गाजियाबाद