लोनी बॉर्डर में जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार,

एक आरोपी पहले गिरफ्तार, बाल अपचारी भी अभिरक्षा में

गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और उसके नाबालिग साथी पर एक युवक के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। मामले में एक बाल अपचारी को पहले ही अभिरक्षा में लिया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को पीड़ित पक्ष ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने पीड़ित के बेटे नदीम के साथ गाली-गलौज की और धारदार हथियार से वार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3) और 118(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 109(1) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। 
पुलिस ने बताया कि 31 अगस्त 2026 को मामले में वांछित आरोपी सादिक उर्फ सरफराज, निवासी आर्य नगर, लोनी बॉर्डर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 1 सितंबर 2026 को मामले में वांछित एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर विधिक कार्रवाई की गई। अब 19 सितंबर 2026 को लोनी बॉर्डर पुलिस टीम ने मामले में वांछित आरोपी अमन उर्फ अमन पुत्र मोहम्मद नासिर, निवासी आर्य नगर, लोनी बॉर्डर, उम्र करीब 23 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी अमन ने बताया कि उसके नाबालिग दोस्त का नदीम के साथ घटना से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। नाबालिग ने यह बात अपने दोस्तों को बताई, जिसके बाद उन्होंने मिलकर नदीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोपी के अनुसार, इसी दौरान उसके नाबालिग साथी ने नदीम पर चाकू से वार किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने