दिल्ली में हत्या, पांच राज्यों में छापेमारी; गुड्डू बादशाह मर्डर केस में 8 आरोपी गिरफ्तार

बिहार से दिल्ली बुलाकर गैंगवार में रची हत्या की साजिश, फिर गोलियों से भून डाला

नई दिल्ली
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने पुल प्रहलादपुर के लाल कुआं इलाके में हुई मो. इरशाद आलम उर्फ गुड्डू बादशाह की हत्या का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या किसी सामान्य पुरानी रंजिश का परिणाम नहीं, बल्कि आपराधिक गैंगवार और सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। आरोपियों की तलाश में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और तमिलनाडु तक करीब 12 हजार किलोमीटर की दूरी तय कर व्यापक अंतरराज्यीय जांच की गई। 
दक्षिण-पूर्वी जिला के डीसीपी विनीत कुमार के अनुसार, 28 जुलाई को पुल प्रहलादपुर के लाल कुआं स्थित चुंगी नंबर-3, डी-29 में गोलीबारी की सूचना पुलिस को मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मो. इरशाद आलम उर्फ गुड्डू बादशाह मृत अवस्था में मिले, जबकि मो. फारुख गोली लगने से घायल था।
पुलिस ने घटनास्थल से खून से सने साक्ष्य, खाली कारतूस, जिंदा कारतूस और धातु के प्रोजेक्टाइल बरामद किए। शुरुआत में फारुख ने खुद को घटना में घायल पीड़ित बताया, लेकिन पुलिस की विस्तृत पूछताछ, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों की जांच में उसके बयानों में कई विसंगतियां सामने आईं। इसके बाद पुलिस को कथित साजिश में उसकी भूमिका का पता चला और उसे 28 जुलाई को ही गिरफ्तार कर लिया गया।  समझौते के बहाने बिहार से दिल्ली बुलाया: जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुड्डू बादशाह की कथित तौर पर शमशाद और अशफाक से पुरानी रंजिश थी। इस विवाद की जड़ बिहार के सुपौल स्थित उनके पैतृक क्षेत्र से जुड़ी बताई गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने गुड्डू बादशाह को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने और समझौता कराने के बहाने उसे बिहार से दिल्ली बुलाया गया। कथित समझौता बैठक को साजिश के तहत जाल में बदल दिया गया। आरोप है कि गुड्डू बादशाह को लाल कुआं स्थित एक किराए के मकान/गोदाम में ले जाया गया, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वारदात में शामिल आरोपियों की अलग-अलग भूमिकाएं थीं। किसी ने साजिश की योजना बनाने और आपसी समन्वय में भूमिका निभाई तो किसी ने आने-जाने, ठहरने, हमले को अंजाम देने और कथित तौर पर सबूत छिपाने में मदद की।
पुलिस ने मामले में जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, मो. फारुख (27) निवासी पुल प्रहलादपुर दिल्ली, मो. आफताब निवासी सुपौल बिहार, मो. इरफान (23) निवासी साहिबाबाद गाजियाबाद उत्तर प्रदेश, मो. शमशाद (28) निवासी सुपौल बिहार, मो. अशफाक (23) निवासी सुपौल बिहार, मो. रहमतुल्लाह उर्फ छोटू (22) निवासी सुपौल बिहार,  अमन यादव (25) निवासी लाल कुआं पुल प्रहलादपुर दिल्ली और मो. शोएब अख्तर निवासी सुपौल बिहार हैं। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच से सामने आया है कि गुड्डू बादशाह की हत्या पहले से रची गई आपराधिक साजिश के तहत की गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपियों की भूमिकाओं, आपसी संपर्क, घटनाक्रम और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच जारी रखी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने