साढ़े तीन साल के प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन ने पूरी की 5 किलोमीटर दौड़, बने सबसे कम उम्र के धावक

खुद प्रतिभाग करने के अलावा अन्य धावकों को दौड़ने के लिए प्रेरित भी किया
आयोजकों ने सोशल मीडिया पर जारी किया था आई एम रनिंग" स्लोगन के साथ प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन के फोटो वाला "पोस्टर

गाजियाबाद।
लोनी के शर्मा एनक्लेव, आर्य नगर निवासी साढ़े तीन वर्षीय प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन ने पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी कर अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया है। इससे पहले भी वह दो बार तीन-तीन किलोमीटर की दौड़ पूरी कर मेडल हासिल कर चुका है। खास बात यह है कि प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन इन सभी प्रतियोगिताओं में शामिल धावकों में सबसे कम उम्र का प्रतिभागी रहा है।  प्रत्यक्ष ने वेगस मॉल, सेक्टर-14, द्वारका में आयोजित “द्वारका 10K रन वर्जन 2.0” में पांच किलोमीटर की दौड़ पूरी की। वह इस आयोजन का प्रतिभागी ही नहीं, बल्कि आयोजकों की ओर से तैयार किए गए पोस्टरों के जरिए अन्य धावकों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना।
आयोजकों ने प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन के फोटो वाले पोस्टर तैयार कर उन्हें इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रचारित किया था। पोस्टर पर “आई एम रनिंग” स्लोगन के साथ पिछले वर्ष हासिल किया गया मेडल भी प्रदर्शित किया गया था। पोस्टर में प्रतिभागियों के रजिस्ट्रेशन के लिए बारकोड भी दिया गया था। आयोजकों के मुताबिक इन पोस्टरों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और बड़ी संख्या में लोगों ने दौड़ में शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया। 
आयोजकों के अनुसार प्रत्यक्ष पांच किलोमीटर की मैराथन पूरी करने वाला सबसे कम उम्र का धावक है। दौड़ शुरू होने से लेकर उसके समापन और मंच पर सम्मानित किए जाने तक प्रत्यक्ष सभी धावकों, दर्शकों और आयोजकों के बीच चर्चा और कौतूहल का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने उसे मंच पर बुलाकर उसकी उपलब्धियों का उल्लेख किया और सम्मानित किया।
दो साल की उम्र में पूरी की थी 3 किलोमीटर दौड़: प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन ने इससे पहले पिछले वर्ष महज दो साल तीन माह की उम्र में द्वारका 10K रन में हिस्सा लेकर तीन किलोमीटर की दौड़ पूरी की थी। यह दौड़ “से नो टू ड्रग्स, से यस टू फिटनेस” का संदेश देने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। इस मैराथन का आयोजन विभिन्न 18 संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से किया गया था। इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में फिट इंडिया के सहयोग से आयोजित “साहोथन-2.0 हाफ मैराथन” में भी प्रत्यक्ष ने सेना के जवानों के साथ तीन किलोमीटर की दौड़ पूरी की थी। दौड़ जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए वापस स्टेडियम में संपन्न हुई थी। इस दौरान कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुनीता गोदारा ने प्रत्यक्ष कीर्तिवर्धन को सम्मानित किया था। 
दोनों बड़ी बहनें भी हैं मैराथन धावक: प्रत्यक्ष की दो बड़ी बहनें अद्रिका (9 वर्ष) और अन्विका (7 वर्ष) भी मैराथन में हिस्सा लेती हैं। दोनों बहनें अब तक 10 किलोमीटर की पीएनबी हाफ मैराथन, सेना की ओर से दिल्ली के धौला कुआं में आयोजित 10 किलोमीटर सोल्जराथन तथा नौसेना के तत्वावधान में आयोजित 10.5 किलोमीटर पीएनबी सोल्जराथन-2026 में प्रतिभाग कर मेडल हासिल कर चुकी हैं। तीनों बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे उनके पिता एडवोकेट अंकित बंसल की महत्वपूर्ण भूमिका है। अंकित बंसल ही अपने तीनों बच्चों के कोच हैं और उन्हें नियमित रूप से दौड़ के लिए अभ्यास कराते हैं। लोनी के शर्मा एनक्लेव, आर्य नगर निवासी इस परिवार के तीनों बच्चों की लगातार बढ़ती खेल उपलब्धियां क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने