भोजपुर पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपी को किया गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद (वीडियो देखें)

आरोपी पर 15 मुकदमे दर्ज, पूछताछ में दो साथियों के नाम बताए

गाजियाबाद।
स्वाट टीम ग्रामीण जोन और थाना भोजपुर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में शामिल उसके दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
मोदीनगर एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि, 25 अगस्त 2026 को थाना भोजपुर में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना भोजपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीम ने चोरी की घटना में शामिल आरोपी आरिफ उर्फ कालू पुत्र हसरत, निवासी ग्राम देहरा, थाना धौलाना, जनपद हापुड़ को थाना भोजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने और चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में एक गले का सेट, एक मंगलसूत्र, एक टीका, एक पेंडल, एक नथ, दो अंगूठियां, दो ओम के लॉकेट और एक जोड़ी कानों के कुंडल शामिल हैं। इसके अलावा चांदी के आभूषणों में पांच जोड़ी पायल और एक गले का हार बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बरामद सोने-चांदी के आभूषण उसने अपने दो साथियों फुरकान और समीर के साथ मिलकर रात के समय ग्राम सुक्कनगढ़ी से चोरी किए थे। आरोपी ने यह भी बताया कि एक गले का सेट और एक जोड़ी चांदी की पायल पूर्व में ग्राम अमराला से चोरी की गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी के दो साथियों को वांछित घोषित करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी है। 
एसीपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आरिफ उर्फ कालू के खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी और लूट के कुल 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना भोजपुर में चोरी के दो मामले, थाना कविनगर में चोरी के दो, थाना धौलाना में चोरी के तीन, पिलखुवा क्षेत्र में चोरी के तीन, थाना सरधना में लूट/चोरी के चार तथा थाना सरूरपुर, मेरठ में लूट का एक मामला शामिल है। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने