82 किमी दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर की उपलब्धियां प्रदर्शित; 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी का आंकड़ा पार
गाजियाबाद/नई दिल्ली। जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित परिवहन तकनीक के विश्व के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले ‘इनो ट्रांस 2026’ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम नमो भारत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है। 22 से 25 सितंबर तक आयोजित इस आयोजन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) दिल्ली-एनसीआर में नमो भारत के माध्यम से हुए परिवहन बदलाव और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के मॉडल से दुनिया को परिचित करा रहा है।आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के राजधानी विकास विभाग की सचिव तथा एनसीआरटीसी की चेयरपर्सन डी. थारा (आईएएस) ने एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल की मौजूदगी में प्रदर्शनी स्टॉल का उद्घाटन किया।
82 किमी कॉरिडोर बना वैश्विक आकर्षण: इनो ट्रांस में एनसीआरटीसी ने दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक करीब 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को वैश्विक परिवहन समुदाय के सामने प्रस्तुत किया। फरवरी 2026 में पूरे कॉरिडोर के परिचालन में आने के बाद इसे क्षेत्रीय परिवहन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल के तौर पर पेश किया जा रहा है। एनसीआरटीसी के अनुसार, यह कॉरिडोर इस बात का उदाहरण है कि रीजनल रेल किस प्रकार शहरों को जोड़ने, रोजगार एवं आर्थिक अवसरों तक पहुंच आसान बनाने और बड़े महानगरीय क्षेत्रों में सतत विकास को बढ़ावा देने में भूमिका निभा सकती है।
‘रीजनल रेल शहर से बाहर बसने का अवसर देती है’: ‘रेल लीडर्स समिट 2026’ में डी. थारा ने कहा कि रीजनल रेल ऐसी व्यवस्था है जो शहरों से बाहर रहने वाली आबादी को रोजगार एवं आर्थिक केंद्रों से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि महानगरों में पूरी आबादी को रोजगार के लिए बसाना या वहीं रहना महंगा है। ऐसे में सेमी-हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल लोगों को शहर से कुछ दूरी पर कम लागत में रहने और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ रोजगार केंद्रों तक पहुंचने का अवसर देती है।
उन्होंने बताया कि नमो भारत के पूरे कॉरिडोर का परिचालन फरवरी से शुरू हो चुका है। उनके अनुसार 82 किलोमीटर का यह रूट दिल्ली को कई बड़े शहरों से जोड़ता है और प्रतिदिन करीब 1 से 2 लाख यात्रियों को यात्रा सुविधा उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय रेल दिल्ली में भीड़भाड़ कम करने में मदद कर सकती है और भविष्य में ऐसे कई अन्य कॉरिडोर विकसित करने की योजना है।
आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल: एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने कहा कि नमो भारत बढ़ते शहरों और क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक क्षेत्रीय परिवहन समाधान विकसित करने की भारत की क्षमता को प्रदर्शित करता है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के निर्माण एवं संचालन में कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इनमें LTE बैकबोन पर आधारित ETCS हाइब्रिड लेवल-3 सिग्नलिंग भी शामिल है, जिसे एनसीआरटीसी के अनुसार विश्व में पहली बार इस स्वरूप में प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नमो भारत मॉडल में भारत के बड़े महानगरीय क्षेत्रों में अधिक सतत विकास को बढ़ावा देने की क्षमता है और इनो ट्रांस के माध्यम से इस अनुभव को वैश्विक परिवहन समुदाय के साथ साझा करने का अवसर मिल रहा है।
4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी पूरी: एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर को यात्रियों से शुरुआत से ही बेहतर प्रतिक्रिया मिली है। कॉरिडोर ने अब तक 4.5 करोड़ से अधिक कम्यूटर जर्नी पूरी कर ली हैं। हाल ही में इस कॉरिडोर पर एक दिन में 1.68 लाख से अधिक यात्रियों की सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या दर्ज की गई। परियोजना का उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में भीड़भाड़ और प्रदूषण जैसी शहरी परिवहन चुनौतियों को कम करने के साथ रोजगार एवं आर्थिक केंद्रों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। बेहतर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के जरिए दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
एक ही कॉरिडोर पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो: एनसीआरटीसी के अनुसार, नमो भारत कॉरिडोर के इंफ्रास्ट्रक्चर पर ही मेरठ मेट्रो की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे एक ही कॉरिडोर पर क्षेत्रीय और स्थानीय परिवहन सेवाओं का एकीकृत मॉडल विकसित हुआ है। मल्टीमॉडल इंटीग्रेशन, यात्री-केंद्रित सुविधाओं और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में एनसीआरटीसी की पहल को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी प्रदर्शित किया जा रहा है।
एआई और रोबोटिक्स पर भी फोकस: बर्लिन में आयोजित इनो ट्रांस 2026 रेलवे तकनीक, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर, सार्वजनिक परिवहन, इंटीरियर और टनल निर्माण सहित परिवहन तकनीक से जुड़े क्षेत्रों की वैश्विक प्रदर्शनी है। इस वर्ष के आयोजन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोनॉमस पब्लिक ट्रांसपोर्ट और डिजिटल सॉल्यूशंस जैसे उभरते क्षेत्रों पर भी विशेष फोकस किया गया है।
एनसीआरटीसी भारत सरकार तथा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश सरकारों का संयुक्त उपक्रम है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्यरत एनसीआरटीसी को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नमो भारत परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



