गाजियाबाद नगर निगम की जनसुनवाई में 31 शिकायतें पहुंचीं, नगरायुक्त व अपर नगरायुक्त ने सुनी समस्याएं

जनसुनवाई में दूषित पानी, अतिक्रमण और पार्क की देखरेख का मुद्दा उठा

गाजियाबाद।
नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई में शहरवासियों ने कूड़ा, दूषित पानी, पार्कों की देखरेख और अतिक्रमण समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महरौली निवासी पवन गौतम ने बताया कि उनके वार्ड में पशुपालन विभाग की करीब 55 बीघा खाली जमीन पड़ी हुई है। आरोप है कि इस जमीन पर असामाजिक तत्व रोजाना भारी मात्रा में कूड़ा डाल रहे हैं। लंबे समय से कूड़ा जमा होने के कारण आसपास गंदगी का माहौल बना हुआ है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। शिकायतकर्ता ने खाली जमीन की सफाई कराने के साथ वहां पौधरोपण अथवा जनहित से जुड़े कार्य कराने की मांग की। इस पर नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उक्त भूमि नगर निगम के स्वामित्व में नहीं है, इसलिए निगम सीधे वहां कार्य नहीं करा सकता। हालांकि, संबंधित विभाग को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराने की बात कही गई।
पार्क वापस लेने की मांग: जनसुनवाई में मुरारी श्रीवास्तव ने एक पार्क की व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि 22 लोगों की समिति को पार्क की देखरेख की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन पर्याप्त देखभाल नहीं होने के कारण पार्क की स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने पार्क को समिति से वापस लिए जाने की मांग की।
नगर आयुक्त ने उद्यान विभाग को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
दूषित पानी की समस्या पर स्थायी समाधान के निर्देश:  जनसुनवाई में दूषित पानी की शिकायत भी सामने आई। इस पर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को बार-बार शिकायत करने की जरूरत न पड़े।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि जनसुनवाई में कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सिविल विभाग से संबंधित 9, अतिक्रमण की 6, जलकल की 5, उद्यान विभाग की 3, स्वास्थ्य विभाग की 3 और टैक्स विभाग से संबंधित 2 शिकायतें शामिल हैं। इसके अलावा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उधर, बुधवार को अपर नगरायुक्त रेनू सिंह ने अपने कार्यालय में जनसुनवाई के साथ ही आरटीआई आवेदनों से संबंधित अपील पर भी सुनवाई की। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने