हाईटेक हुआ थाना विजयनगर: महिला सुरक्षा से साइबर अपराध तक आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

पुलिस कमिश्नर जे0 रविन्द्र गौड़ और महापौर सुनीता दयाल ने फीता काट किया पुनर्विकसित भवन का उद्घाटन 

गाजियाबाद।
गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पुलिसिंग के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसेवा को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में थाना विजयनगर को आधुनिक सुविधाओं, हाईटेक सिस्टम और नागरिक-केंद्रित सेवाओं से विकसित किया गया है। पुलिस के अनुसार, नवीनीकृत थाना भवन में नागरिकों की सुविधा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण और पुलिसकर्मियों के बेहतर कार्य वातावरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। बुधवार को पुलिस आयुक्त जे0 रविन्दर गौड़, और महापौर सुनीता दयाल ने फीता काटकर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित थाना विजयनगर के पुनर्विकसित भवन का उद्घाटन किया। इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ने कहा कि थाने में आधुनिक प्रतीक्षालय तैयार किया गया है, जहां नागरिकों के बैठने के लिए पर्याप्त कुर्सियों और सोफों की व्यवस्था की गई है। परिसर में साफ-सफाई, नियमित हाउसकीपिंग, कचरा निस्तारण, पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी, LED लाइट, पंखे और एयर-कंडीशनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और सूचना पट के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक जानकारी देने की व्यवस्था की गई है। 
मिशन शक्ति केंद्र में महिलाओं को त्वरित सहायता: 
थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया गया है, जहां प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मी और परामर्शदाता महिलाओं की शिकायतें सुनने और उनके समाधान में सहयोग करेंगे। आपात स्थिति में तत्काल सहायता, काउंसलिंग, कानूनी मार्गदर्शन तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण आयोजित किए जाने की व्यवस्था की गई है। केंद्र का वातावरण ऐसा रखने पर जोर दिया गया है, जहां महिलाएं बिना भय या संकोच अपनी समस्याएं साझा कर सकें। 
साइबर अपराधों के लिए विशेष यूनिट: थाने में साइबर सेवा यूनिट भी स्थापित की गई है। यहां प्रशिक्षित पुलिसकर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों की जांच और समाधान में कार्य करेंगे। ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया से जुड़ी समस्याएं, ई-मेल हैकिंग, फिशिंग और डिजिटल वित्तीय अपराधों से संबंधित शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया है। आधुनिक सॉफ्टवेयर और डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम की मदद से साइबर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की व्यवस्था भी की गई है। 
पुलिसकर्मियों के लिए भी बेहतर कार्यस्थल: 
नवीनीकृत भवन में आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय और परामर्श कक्ष के साथ पुलिसकर्मियों के लिए कार्यालय कक्ष, रिकॉर्ड रूम और मीटिंग हॉल को व्यवस्थित एवं कार्यात्मक रूप से तैयार किया गया है। बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थित कार्यस्थल के जरिए पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया है। परिसर में हरियाली और सजावटी पौधों का भी समावेश किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नवीनीकृत थाना विजयनगर तकनीक, आधुनिक आधारभूत ढांचे और नागरिक-केंद्रित सेवा प्रदाय का मॉडल प्रस्तुत करता है। नए लेआउट से नागरिकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग समर्पित काउंटर बनाए गए हैं। इससे दैनिक पुलिसिंग, आपातकालीन प्रतिक्रिया और स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय में सुधार की उम्मीद है।
यह पुनर्निर्माण गाजियाबाद पुलिस की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत वर्ष के अंत तक सभी थानों का आधुनिकीकरण और अगले वर्ष सभी पुलिस चौकियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना बताई गई है। महापौर सुनीता दयाल ने थाना विजयनगर के पुनर्विकसित भवन को जन-मित्र पुलिसिंग, तकनीक आधारित सेवाओं तथा नागरिकों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने