नंदग्राम पुलिस ने किया गिरफ्तार, 10 आरोपी भेजे जा चुके हैं जेल
गाजियाबाद। फ्लैट और दुकान बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में नंदग्राम थाना पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान दिवानी त्यागी पत्नी हनी त्यागी, पुत्री स्वर्गीय विपिन त्यागी, उम्र करीब 30 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से ग्राम रामनगर, थाना मंडावली, जनपद बिजनौर की रहने वाली है और वर्तमान में राजनगर एक्सटेंशन स्थित गुलमोहर गार्डन एसवीपी के फ्लैट नंबर L-3/304 में रह रही थी।दो मुकदमों में दर्ज है धोखाधड़ी का मामला: पुलिस के मुताबिक, 28 जून 2026 और 16 जुलाई 2026 को प्राप्त शिकायतों के आधार पर नंदग्राम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 384/2026 और 428/2026 दर्ज किए गए थे। इन मामलों में M/s ASR Realtech Limited और M/s Right Earth Infra LLP की परियोजनाओं में फ्लैट व दुकान बुकिंग के नाम पर निवेशकों से करोड़ों रुपये लेकर धोखाधड़ी करने के आरोप हैं।
बैंक खातों और दस्तावेजों की जांच में सामने आई संलिप्तता: पुलिस ने बताया कि मामलों की विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि निवेशकों से प्राप्त धनराशि गिरफ्तार महिला के बैंक खातों में भी पहुंची थी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में उसकी संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
एसआईटी टीम ने की कार्रवाई: धोखाधड़ी, कूटरचना और गबन से संबंधित मामलों की विवेचना, गिरफ्तारी, पूछताछ एवं साक्ष्य संकलन के लिए गठित एसआईटी की गिरफ्तारी टीम ने मोरटा के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले की विवेचना जारी है।
Tags
गाजियाबाद